
Dhanbad: CISF की गोली से मरे कथित सभी चार ‘कोयला चोरों’ के शवों का पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की शाम अंतिम संस्कार किया गया. घटना में मारे गए तीन लोग बाघमारा थाना क्षेत्र के हैं. जबकि, एक मृतक हरिहरपुर थाना क्षेत्र का है. इस दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया. वहीं घटना के तीसरे दिन सोमवार को बेनीडीह रेलवे साइडिंग में सन्नाटा पसरा हुआ है. साइडिंग में सीआइएसएफ जवान और जिला पुलिस तैनात है. जबकि, बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह: मोंगिया स्टील के चैयरमेन गुणवंत सिंह से धोखाधड़ी मामले में रांची के कारोबारी को मिली डेढ़ साल की सजा, 15 लाख भुगतान का भी आदेश
इधर, घटना को लेकर विधि व्यवस्था के संकट को देखते हुए पुलिस-प्रशासन चौकस है. बाघमारा थाना में बीडीओ सुनील प्रजापति, सीओ कमल किशोर सिंह, कतरास थानेदार रणधीर कुमार सिंह डेरा डाले हुए हैं. जिले से करीब दो सौ पुलिस बल रविवार से बाघमारा थाना क्षेत्र में तैनात है. पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है. आज सुबह से ही बाघमारा बाजार, डुमरा मोड़ सहित अन्य जगहों पर पुलिस सक्रिय है. शांति व्यवस्था के बीच शवों का अंतिम संस्कार हो जाए, पुलिस इस प्रयास में जुटी है.

शवों को बाघमारा में लाये जाने का बेसब्री से हो रहा था इंतजार
सीआइएसएफ के साथ हुई मुठभेड़ में शनिवार की रात मारे गए चार युवकों के शवों को बाघमारा में लाये जाने का इंतजार बेसब्री से हो रहा था. सीआइएसएफ की गोली से मृत तेलोटांड़ निवासी प्रीतम चौहान की पत्नी सोमवार को स्वजनों के साथ बाघमारा थाना पहुंची हुई थी. उसका कहना था कि शव आने के इंतजार में रात गुजर गई. कब तक शव लाये जाएंगे, यह कोई नहीं बता रहा. पुलिस अधिकारी शीघ्र शव लाये जाने की बात कह कर उसे समझाने की कोशिश में जुटे जाते हैं. आखिर कार शाम करीब पांच बजे सबसे पहले सीआइएसएफ की गोली से मृत तेलोटांड़ निवासी प्रीतम चौहान का शव उसके घर पहुंचा.

दो जून की रोटी ने लील ली चार जिंदगी:
चार मरने वालो को क्या मालूम था कि आज उनकी अंतिम रात होगी. कोयला चोरी करने में उनकी जान चली जाएगी, लेकिन शनिवार की देर रात बाघमारा के बेनिडीह में हुआ यही. बेनीडीह साइडिंग में हुई फायरिंग में मरने वाले युवक कोयला तस्करी के खेल में वो प्यादे हैं जो दो जून की रोटी के लिए अपनी जान गंवाते हैं. और सरगना पर्दे के पीछे ऐश करते हैंं. कोयलांचल में दिनभर चार मौतों के चर्चा होती रही है. पर किसी ने यह नहीं कहा कि कोयला चोरी रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन या बीसीसीएल की ओर से सतर्कता बरती जाती तो शायद बेनीडीह जैसे एनकाउंटर की नौबत नहीं आती. सीआईएसएफ की गोली से मरने वाले बाघमारा के तेलोटांड़ का रहने वाला 29 वर्षीय प्रीतम रवानी अपने बकाया वेतन के लिए भटकता रहा. बकाया रकम मिलने से पहले उसकी जान चली गई.
सीआइएसएफ की गोली से जिस अताउल अंसारी की मौत हुई, वह सेना में जाने के लिए ही पसीना बहा रहा था. बाघमारा में सीआइएसएफ की गोली के शिकार अताउल अंसारी के भाई राजा खान ने बिलखते हुए बताया कि उसके भाई की मौत से पूरे परिवार का सपना अधूरा रह गया. सेना में नौकरी, सैनिकों की वर्दी पहनने का 22 वर्षीय अताउल का सपना अधूरा रह गया. पिछले दिनों रांची में बीएसएफ की बहाली में उसने दौड़ निकाल ली थी. इस बार काफी खुशी थी कि वह सेना में चला जाएगा, लेकिन सारे सपने अधूरे रह गए.

बाघमारा के रथटांड़ निवासी मोहम्मद शहजाद उर्फ जलालुद्दीन खान की डेढ़ महीने की बेटी है. बेटी के लिए गर्म कपड़े लाने थे. कई दिनों से मजदूरी नहीं मिल पा रही थी. उसके कुछ दोस्तों ने कोयला लाने का सुझाव दिया. पेट की आग बुझाने की इसी कोशिश ने शहजाद की जान ले ली. शहजाद के भाई अनीस उर रहमान ने रोते हुए कहा कि भाई कोई आतंकवादी नहीं था. जिस तरह सीआइएसएफ के जवानों ने गोली बरसाई, उससे काफी दुख है.
शहजाद की पत्नी रोजी खातून ने सोमवार को बाघमारा थाना में लिखित शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई. रोजी ने कहा कि शनिवार की रात लगभग 10 बजे विशु चक्रवर्ती और राजेश यादव मेरे घर आया और मेरे पति को बुलाकर ले गया. पूछने पर बिशु ने कहा कि आधे घंटे में भेज देंगे, लेकिन पति पूरी रात वापस नहीं लौटा. सुबह ग्रामीणों से पता चला कि सीआइएसएफ की गोली से उसकी मौत हो गई है. मृतक शहजाद के परिजन ने अवैध कोयला व्यवसायी मुन्ना यादव के भाई राजेश यादव व विश्वजीत चटर्जी के खिलाफ बाघमारा पुलिस को लिखित शिकायत दी है.

गोमो के गुणघुसा का रहने वाला शमीम घर का इकलौता बेटा था. पिता की मौत काफी पहले हो गई थी. विधवा मां दो बेटे और पत्नी पूरी तरह शमीम पर आश्रित थे. तीन महीने की एक बेटी है. शमीम के ससुर इस्लाम अंसारी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर फफक कर रो रहे थे. कह रहे थे, दामाद चला गया. पांच-पांच परिवार की जिंदगी उसके भरोसे पल रही थी, अब कौन पेट पालेगा.
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
धनबाद जिले में सीआईएसएफ कर्मियों के साथ ‘‘मुठभेड़’’ में चार कथित कोयला चोरों की मौत के मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिये गये हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. जांच का आदेश तब दिया गया, जब ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोई मुठभेड़ नहीं हुई और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों द्वारा ‘बिना उकसावे के गोलीबारी’ करने के चलते चार स्थानीय लोग मारे गए.
अताउल अंसारी के बड़े भाई राजा खान ने दावा किया कि उनका भाई निर्दोष था और वह केवल वहां से गुजर रहा था, जब सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे गोली मार दी. नोनिया के मामा प्रकाश ने इसी तरह के आरोप लगाते हुए कहा कि वह ‘‘सीआईएसएफ द्वारा बेवजह की गई गोलीबारी’’ में मारा गया. रविवार देर रात धनबाद के उपायुक्त संदीप सिंह द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि मजिस्ट्रेट जांच की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) नंद किशोर गुप्ता करेंगे.
पोस्टमार्टम को बना मेडिकल बोर्ड
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए चारों शवों के पोस्टमार्टम के लिए प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया. इस बोर्ड में एफएमटी, एनाटॉमी, सर्जरी, पैथोलॉजी और मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सकों को रखा गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया दंडाधिकारी की मौजूदगी में पूरी की गयी. पूरे पोस्टमार्टम का वीडियोग्राफी भी करवायी गई है.
जिला प्रशासन की ओर से शवों के पोस्टमार्टम के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई. सबसे पहले 25 वर्षीय शमीम और 29 वर्षीय प्रीतम के शव का पोस्टमार्टम हुआ. दोनों को दो-दो गोली लगी थी. इसके बाद 32 वर्षीय शहजाद खान और 26 वर्षीय अताउल अंसारी के शव का पोस्टमार्टम किया गया. दोनों को तीन-तीन गोली लगी थी. इन लोगों को सिर के अलावा हाथ और पैर में भी गोली लगी. हालांकि गोली की वास्तविक संख्या बताने से पोस्टमार्टम की टीम बचती रही.
कोल इंडिया के सलाहकार घटनास्थल पहुंचे
बेनीडीह में घटना के बाद रविवार की शाम 7 बजे कोल इंडिया लिमिटेड के सीनियर एडवाइजर सह सेवानिवृत्त आईएएस आलोक पटोरिया घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने मौके पर उपस्थित अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं वहां मौजूद सीआईएसएफ अधिकारियों से घटना के बाबत विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विषय पर दिशा निर्देश दिए. इस दौरान पटोरिया के साथ ब्लॉक दो क्षेत्र के जीएम चितरंजन कुमार समेत ब्लॉक दो क्षेत्र के कोयला आधिकारी उपस्थित थे.




