JharkhandLead NewsRanchi

आदिवासी होने के कारण सीएम हेमंत सोरेन को भाजपा ने डराया, धमकाया, चुनाव में संविधान बचाने की है लड़ाई: राहुल गांधी

Ranchi : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने झारखंड में हो रहे विधानसभा चुनाव को संविधान बचाने की लड़ाई बताया है. रांची में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देशभर में विचारधारा की लड़ाई चल रही है. एक तरफ कांग्रेस संविधान बचाने, किसानों-गरीबों की सरकार बनाने की बात करते संघर्ष में लगी है वहीं भाजपा-आर एस एस बाबा साहब, गांधीजी के संविधान को खत्म करने में लगी है. यह बात उन्हें भाजपा और आर एस एस के वरीय नेताओं ने भी बताई है. झारखंड के चुनाव में सफलता मिलने पर यहां भी जाति जनगणना करायी जाएगी. पिछड़े, दलितों, आदिवासियों की ज्यूडिशियरी और अन्य संस्थानों में भागीदारी का पता लगाएगी. लोकसभा में भी वे पीएम मोदी से जाति जनगणना की मांग और इसके लिए सपोर्ट देने की बात कर चुके हैं पर वे यह नहीं चाहते. कांग्रेस पर आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाते हैं जबकि हम आरक्षण की सीमा 50% के बैरियर को तोड़कर परे रखना चाहते हैं. यहां हम एसटी को 26 से 28%, ओबीसी को 14 से 27% आरक्षण देने में लगे हैं. पर बीजेपी रोक रही है. पीएम गरीबों, दलितों के उत्थान, जाति जनगणना की बजाय धारावी की एक लाख करोड़ की जमीन अडानी को देने में लगे हैं. 4-5 पूंजीपतियों को ही वे सब देना चाहते हैं. मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर, मंत्री रामेश्वर उरांव सहित अन्य भी उपस्थित थे.

आदिवासी सीएम को डराने की साजिश

राहुल गांधी ने कहा कि यहां के सीएम हेमंत सोरेन को आदिवासी होने के कारण भाजपा ने डराया, धमकाया. जेल भेजा. पर कांग्रेस चुनाव में सफलता के बाद यहां कई वादों को लागू करेगी. हर गरीब महिला के खाते में हर माह 2500 रुपए देगी. किसानों को प्रति क्विंटल धान पर एमएसपी 2400 की बजाय 3200 रुपए देगी. हर ब्लॉक में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. 450 रुपए में गैस सिलेंडर, 5 किग्रा की बजाय 7 किग्रा अनाज और अन्य गारंटी सुनिश्चित की जाएगी. एक लाख 32 हजार करोड़ रुपए इस राज्य का केंद्र के पास है, वह अडानी का नहीं है. इसे लिया जाएगा.

हर साल पांच लाख नौकरी के दावे को हेमंत सरकार द्वारा धरातल पर नहीं उतारे जाने के सवाल पर कहा कि मोदी सरकार ने गलत ढ़ंग से जीएसटी लागू करने, नोटबंदी लागू करने जैसे तरीकों से बेरोजगारी की स्थिति बनी है. छोटे कारोबारियों को खत्म कर दिया जा रहा. केवल अडानी जैसों को प्रोत्साहन मिल रहा. बड़े लोगों का 16 लाख करोड माफ कर दिया गया पर किसानों का नहीं किया जाता. ऐसे में रोजगार की संभावना बंद हो गयी है पर हेमंत सरकार आगे 10 लाख रोजगार देगी. एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे के भाजपा के नारे पर कहा कि इसका मतलब यही है कि अडानी, अमित शाह और मोदी एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे. मणिपुर की हिंसा पर कहा कि वहां डेढ साल से समस्या है पर पीएम कभी नहीं गए. होम मिनिस्टर ठीक से देख नहीं रहे.

भाजपा का राहुल पर पलटवार

राहुल गांधी द्वारा केंद्र सरकार और भाजपा पर लगाए गए आरोप और सवालों पर प्रदेश भाजपा ने पलटवार किया है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने एक्स पर पोस्ट कर रांची आए राहुल गांधी से सिर्फ एक प्रश्न का जवाब मांगा.

प्रतुल ने 11 फरवरी,2014 को  यूपीए सरकार के तत्कालीन आदिवासी कल्याण मंत्री वी किशोर चंद्रदेव के लिखे पत्र को  एक्स पर साझा करते हुए कहा कि उस समय कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने सरना धर्मकोड को अव्यवहारिक बताते हुए मांग को खारिज किया था. एक तरफ कांग्रेस आदिवासियों के लिए सरना धर्मकोड की मांग करती है. दूसरी और उनकी ही केंद्र सरकार इसे खारिज करती है.प्रतुल ने जानना चाहा कि ये दोहरा मापदंड क्यों? जाहिर तौर पर कांग्रेस जनता को बरगलाने का प्रयास कर रही है.

प्रतुल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हजारों वर्षों से अपनी परंपरा को जीवित रखने वाले आदिवासी समुदाय के हित में उचित समय पर हर उचित निर्णय लेने को तैयार है. वैसे भी संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करना, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना, आदिवासी कल्याण मंत्रालय का गठन, आदिम जनजाति समूह के लिए विशेष पैकेज आदि सब कुछ भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में ही हुआ था.

Related Articles

Back to top button