West Bengal

रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में अभिनेता प्रसनजीत से ईडी ने की पूछताछ

Kolkata: अरबों रुपये के रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले की जांच अब बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री टॉलीवुड तक जा पहुंची है. बांग्ला फिल्मों के अभिनेता प्रसनजीत से इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शुक्रवार को पूछताछ की. वह शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे साल्ट लेक के सीजीओ कांप्लेक्स स्थित जांच एजेंसी के पूर्वी क्षेत्रीय मुख्यालय पहुंचे.

इसे भी पढ़ें – बीजेपी मंत्री-सांसद विवाद : मार्केट निर्माण के निरीक्षण में गये थे डिप्टी मेयर, टारगेट बने मंत्री सीपी सिंह

इस दौरान उन्होंने मीडिया के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया. जांच एजेंसी के हवाले से बताया गया है कि प्रसनजीत से पूछताछ कर उनका बयान रिकॉर्ड किया गया. वर्ष 2013 से पहले जब पश्चिम बंगाल में रोज वैली समूह का कारोबार जोरों पर चल रहा था तब प्रसनजीत के साथ समूह के मालिक गौतम कुंडू के करीबी संबंध थे. दोनों एक साथ कई मंचों पर नजर आये थे.

समूह के प्रचार-प्रसार में भी वह स्टार प्रचारकों में शामिल थे.‌ बताया गया है कि प्रसनजीत के बैंक खाते में चिटफंड समूह की ओर से कई बार आर्थिक लेन-देन भी हुए हैं. इसी सिलसिले में उनसे पूछताछ हुई. एक दिन पहले ही बांग्ला फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता से भी जांच एजेंसी ने नौ घंटे तक पूछताछ की.

इसे भी पढ़ें – बिना नक्शे के जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स में हो रहा निर्माण, निगम की इंफोर्समेंट टीम ने रुकवाया काम

उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को जांच एजेंसी ने बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री के तीन बड़े कलाकारों को नोटिस भेजा था, जिसमें रितुपर्णा सेन, शताब्दी रॉय और अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी शामिल हैं. प्रसनजीत को 19 जुलाई को दोपहर 12 बजे सीजीओ कांप्लेक्स में हाजिर होने के लिए कहा गया था.

ईडी के अनुमान के मुताबिक, रोज वैली घोटाला शारदा पोंजी घोटाले से पांच गुना अधिक है. एजेंसी ने समूह के अध्यक्ष गौतम कुंडू को गिरफ्तार किया था. साथ ही कई होटलों और रिसॉर्ट समेत उनकी 2,300 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गयी थीं. ईडी ने कोलकाता और भुवनेश्वर की अदालतों में कई आरोप पत्र दाखिल किये थे. अकेले कोलकाता और उत्तर बंगाल के विस्तृत इलाके में रोज वैली समूह की 20 संपत्तियां सीज की गयी हैं, जिनकी कुर्की संबंधी रिपोर्ट न्यायालय में पेश हुई है. मुख्य मामले की सुनवाई भुवनेश्वर कोर्ट में चल रही है.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह  :  शिवम स्टील कंपनी समूह में आयकर विभाग की छापेमारी खत्म,  निदेशक भाईयों ने 150 करोड़ की  टैक्स चोरी को स्वीकारा!

Related Articles

Back to top button