JharkhandSaraikela

कांड्रा- सरायकेला मार्ग पर हादसों का सफर जारी- भोलाडीह में घर में घुसा ट्रक, चालक की स्थिति गंभीर

Kandra : सरायकेला मुख्य मार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सोमवार की सुबह तेज बारिश के बीच गम्हरिया से वीरबांस कोलाबीरा स्थित ब्रिक्स इंडिया कंपनी जा रहा एक एलपीटी मालवाहक ट्रक सामने से आ रही दूसरी गाड़ी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर भोलाडीह ग्राम में लखाई सोरेन के घर घुस गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक के ड्राइवर ने आमने सामने टक्कर को बचाने के लिए वाहन का रुख मोड़ दिया, लेकिन इस दुर्घटना में ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. तत्काल मौके पर स्थानीय लोग काफी संख्या में जमा हो गए और एंबुलेंस को सूचना दी गई. इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायल ड्राइवर को सरायकेला सदर अस्पताल भिजवाया गया. सूचना पाकर सरायकेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया. दुर्घटना में लखाई सोरेन के घर के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. चालक का नाम प्रकाश महतो है जो हाता निवासी बताया जा रहा है. मालूम हो कि जिले में पिछले करीब बीस दिनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में लगभग दर्जन भर लोगों की जान जा चुकी है. इससे क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

Related Articles

Back to top button