
Garhwa : जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के रोदो गांव में दुकान से शाम को बिस्किट लेने गए पांच साल के बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर मार डाला. इतना ही नहीं, उसके शव के आधा हिस्से को खा गया. इस हादसे के बाद गांव में सनसनी फैल गयी है. दहशत के बीच अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली.
बताया जा रहा है कि रोदो गांव निवासी रामनाथ तुरी का पांच वर्षीय पुत्र गांव की ही दुकान में देर शाम बिस्किट लेने गया था. बिस्किट लेकर वापस लौटने के दौरान तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे मार डाला. घर से थोड़ी दूर ले जाकर तेंदुआ उसके शव के आधे हिस्से को खा गया. इससे लोग दहशत में हैं.
बताते चलें कि पिछले शनिवार को लातेहार जिले के बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में एक तेंदुए के हमले में 12 वर्ष की बच्ची की मौत हो गई थी. तेंदुआ हमला कर उक्त बच्ची को भी खाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसके पहले ही ग्रामीणों की सक्रियता से तेंदुए को भगाया गया. बच्ची को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उसकी मौत हो गई थी. उपरोक्त बच्चे की तरह 12 वर्षीय बच्ची भी पास की किराने की दुकान में कॉपी कलम लेने के लिए गई हुई थी. दुकान से लौटते वक्त तेंदुए ने हमला किया. यह घटना पलामू टाइगर रिजर्व एरिया में हुई थी.
पलामू टाइगर रिजर्व और उससे सटे जंगली इलाके में 1 सप्ताह के भीतर तेंदुए के हमले में दो बच्चों की मौत होने से ग्रामीण सकते में आ गए हैं. इन घटनाओं से ग्रामीण अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आने लगे हैं.
इसे भी पढ़ें: रांची नगर निगम की नहीं हो रही है बोर्ड बैठक, पार्षदों ने खोला मोर्चा




