

झारखंड पुलिस महकमे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। राज्य के तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर आभाष का निधन हो गया है। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे इंस्पेक्टर आभाष ने हैदराबाद में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
दरअसल, इंस्पेक्टर आभाष झारखंड पुलिस के 1994 बैच के अधिकारी थे। अपने लंबे पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। रांची के कांके और रातू जैसे अहम थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी के रूप में उन्होंने अपनी सेवाएं दी थीं।
इंस्पेक्टर आभाष को उनके अनुशासन, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाना जाता था। अपने कार्यक्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान थी। सहकर्मियों के बीच भी वे काफी लोकप्रिय थे।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। बेहतर इलाज के लिए उनका हैदराबाद के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उनके निधन को झारखंड पुलिस के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। एक अनुभवी और समर्पित अधिकारी के चले जाने से पुलिस महकमे में गहरा दुख है।
इंस्पेक्टर आभाष की सेवाओं और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।




