
Ranchi: रांची पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया. शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगड़ी थाना क्षेत्र से ट्रक में लोड विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा पुलिस ने पकड़ा है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में विस्फोटकों का जखीरा ले जाया जा रहा है. इस सूचना पर रांची के इटकी और नगड़ी इलाके में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान ट्रक में लोड विस्फोटक को बरामद किया और मौके से रांची लोअर बाजार थाना क्षेत्र के रहनेवाले अनवर खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि भारी मात्रा में बरामद हुए विस्फोटक का जखीरा नक्सलियों तक पहुंचाया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने इससे पहले इसे बरामद कर लिया. गिरफ्तार हुए आरोपी के ऊपर रांची के कई थानों में मामला दर्ज है.
इसे भी पढ़ें – राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था पर कहा, दशकों की मेहनत से हमने बनाया , भाजपा सरकार नष्ट कर रही है
भारी मात्रा में विस्फोटक हुआ बरामद
पुलिस के द्वारा पकड़े गये ट्रक की जब तलाशी ली गयी तो ट्रक में विस्फोटक भरे हुए थे. ट्रक की तलाशी लेने के दौरान उसमें से 37 कार्टून जिलेटिन, 32 बोरा डेटोनेटर, 10 बोरा यूरिया बरामद किया गया. पुलिस को देखते ही ट्रक में बैठे लोग फरार होने लगे. जिनमें से एक को पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया.
इसे भी पढ़ें – धनबाद में टली मॉब लिंचिंग, छेड़खानी के आरोप में युवक को अर्द्धनग्न कर पीट रहे थे लोग, पुलिस ने बचाया
पूरे मामले की चल रही है जांच
नगड़ी थाना क्षेत्र से पकड़े गये विस्फोटक भरे ट्रक के मामले जांच चल रही है. ये विस्फोटक कहां ले जाया जा रहा था और किसे इसकी सप्लाई करनी थी, इसकी ठोस जानकारी नहीं मिल पायी है, लेकिन आशंका जतायी जा रही है कि ये विस्फोटक नक्सलियों तक पहुंचाया जा रहा था. मामले की फिलहाल जांच की जा रही है. इसमें बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है. फिलहाल जिस व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है उसे लेकर पुलिस रांची और लोहरदगा में छापेमारी कर रही है.
इसे भी पढ़ें – लातेहारः नक्सलियों के नाम पर लेवी वसूलनेवाले गिरोह का सदस्य रोहित गिरफ्तार



