
Ranchi: लोकसभा चुनाव में मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने की मांग को लेकर आमया संगठन पूर्व से मांग कर रहा है. इस संबध में शुक्रवार को आमया संगठन की ओर से महागठबंधन के पार्टी प्रमुखों को पत्र लिखा गया. इस पत्र के माध्यम से संगठन की ओर से मांग की गई कि झारखंड से लोकसभा की 14 सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट दिये जायें. आमया के अध्यक्ष एस अली ने कहा कि झारखंड की 14 लोकसभा सीटों पर महागठबंधन की ओर से लगभग सभी जाति-धर्म के लोगों को उम्मीदवार बनाया जा रहा है, लेकिन मुस्लिम समुदाय से लोकसभा उम्मीदवार नहीं देने का निर्णय लिया गया है. जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुध एवं समानता के अधिकार का उल्लंघन है। उन्होंने सभी पार्टी प्रमुखों से मांग करते हुए कहा कि पार्टियां अपनी नीतियों में बदलाव करें और मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट दें.
इसे भी पढ़ें – लोकसभा चुनाव से पहले रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता, राजधानी में चल रहे मिनी गन फैक्टरी का किया उद्भेदन
इन पार्टी प्रमुखों को लिखा गया पत्र
आमया की ओर से कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, जेवीएम के केन्द्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और राजद के नेता तेजस्वी यादव को पत्र भेजा गया है. इसके साथ ही एस अली ने कहा कि महागठबंधन की ओर से मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट नहीं देने से मुस्लिम समुदाय में काफी आक्रोश है.
इसे भी पढ़ें – बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा, राजद को 20, कांग्रेस के खाते में 9 सीटें
जीत सकते हैं मुस्लिम उम्मीदवार
जेएयू के सर्वेक्षण का हवाला देते हुए एस अली ने कहा कि इस सर्वेक्षण में बताया गया है कि राज्य की कुछ सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार जीत सकते हैं. जेएयू सर्वेक्षण के अनुसार झारखंड में मुस्लिम आबादी और महागठबंधन में वोट शेयरिंग होने से गोड्डा से फुरकान अंसारी, चतरा से खालिद खलील, धनबाद से मन्नान मलिक, गिरिडीह से हाजी हुसैन या सरफराज अहमद व जमशेदपुर से मुस्लिम उम्मीदवारों के जीतने की पूरी सम्भावना है. उन्होंने मांग की कि कम से कम दो मुस्लिम उम्मीदवार लोकसभा में दिये जायें.
इसे भी पढ़ें – सरयू राय ने राजनाथ सिंह को लिखा पत्र, कहा- जल और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दों को भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल किया जाए



