
Bokaro : जून 2017 से बंद की गयी धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन पर फिर से ट्रेनें दौड़ेंगी. इसे लेकर रेलवे की ओर से तैयारी की जा रही है. 24 फरवरी से फिर से इस रूट पर ट्रेनें पूर्व की तरह चलेंगी और इसका लाभ आस-पास सहित कई क्षेत्रों के यात्रियों को पूर्व की तरह मिलने लगेगा. इस रूट के बंद हो जाने से बोकारो और धनबाद के यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. बोकारो रेलवे स्टेशन से सुबह में रांची जाने के लिए एक-दो ट्रेनों को छोड़ कर कोई दूसरी ट्रेन नहीं मिल पाती थी. इस रूट पर फिर से ट्रेन सेवा बहाल हो जाने से बोकारो के लोगों को खास लाभ मिलेगा. वहीं कई ऐसे रेलवे स्टेशन जो करीब एक वर्ष में बेकार हो गये थे, उनके पुराने दिन लौट जायेंगे. इस रूट के बंद हो जाने से कई ऐसी ट्रेनें बोकारो या फिर फुलारीटांड़ में रुक जाया करती थीं. जबकि कई ट्रेनों को गोमो होकर धनबाद तक चलाया जा रहा था. गोमो होकर ट्रेनों के चलने से यात्रियों को समय पर ट्रेन नहीं मिल पाती थी. इस रूट को चालू करने को लेकर कई राजनीतिक दलों ने आंदोलन भी किया था. अब फिर से रूट के चालू होने से लोगों में काफी हर्ष है.
कई जोड़ी ट्रेनें फिर से चलेंगी
इस रूट से होकर अपने पुराने समय पर हावड़ा-रांची-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस, धनबाद अल्लापूजा एक्सप्रेस, हटिया गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस, रांची धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस और धनबाद झारग्राम पैसेंजर चलेंगी. दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से इन पांच ट्रेनों की समय-सारणी जारी कर दी गई है. इनके साथ कई पैसेंजर ट्रेनें बंद हो गई थीं. उन ट्रेनों को भी इस रूट से होकर चलाने की संभावना बतायी जा रही है. पैसेंजर ट्रेन का समय नहीं बताया गया है.
इसे भी पढ़ें – 14 वर्षों तक मिलीजुली सरकारों का दंश झेल चुकी है राज्य की जनता, गठबंधन सरकार से बचे: सीएम



