
Ranchi: बताने वाले बताते हैं कि इजरायल काफी खूबसूरत जगह है. एक बार घूमने से पिछले पांच साल की थकान दूर हो जाए. मौका रहने के बावजूद इतनी खूबसूरत जगह नहीं जा पाना अपने-आप में अफसोस की बात तो है. खास कर तब मौका पानेवाला जब उस विभाग का कोई मंत्री हो. ऐसा ही हुआ कृषि मंत्री रणधीर सिंह के साथ. झारखंड से तीसरी बार किसानों का जत्था इजरायल के लिए रवाना हुआ है. लेकिन एक बार भी कृषि मंत्री को इजरायल जाने का सौभाग्य नहीं प्राप्त हो पाया. हर बार के लिए अलग-अलग बहाने सामने आए. इस बार यह कहा जा रहा है कि इजरायल जानेवाले जत्थे में किसान से लेकर अधिकारी सभी महिला हैं, इसलिए मंत्री जी का नाम लिस्ट में शामिल नहीं किया गया. इससे ज्यादा अफसोस की बात यह है कि एक बार और किसानों का जत्था इजरायल जाएगा, लेकिन वो जत्था भी महिलाओं का ही होगा. है ना अफसोस की बात.
इससे पहले क्यों नहीं इजरायल जा पाए थे मंत्री जी
पहली बार इजरायल जानेवालों की लिस्ट में मंत्री जी का नाम था. लेकिन वो फिर भी इजरायल नहीं जा पाए थे. सूत्रों की मानें तो अजमेर ब्लास्ट में गवाह होने की वजह से उन्हें विदेश मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिल पायी थी. विदेश मंत्रालय ने झारखंड सरकार से कहा था कि किसानों को इजरायल भेजने में कोई परेशानी नहीं है, बस मंत्री रणधीर सिंह का नाम लिस्ट से हटा लिया जाए. वहीं मंत्री जी के पीए डीएन चौधरी ने न्यूज विंग को बताया था कि जिस वक्त यह दौरा होनेवाला था, उस वक्त इजरायल के कृषि मंत्री इजरायल में मौजूद नहीं रहेंगे. इसी प्रोटोकॉल की वजह से मंत्री जी का नाम लिस्ट से बाहर किया गया है. बहरहाल, वजह जो भी हो कुल मिला कर विभाग की तरफ से मंत्री रणधीर सिंह इजरायल अब नहीं जा पाएंगे.
इसे भी पढ़ें – सुषमा स्वराज ने कहा था इजरायल दौरे से रणधीर सिंह का नाम हटा किसानों को भेज दीजिए : डीएन चौधरी
इसे भी पढ़ें – आखिर इजरायल दौरे पर जा रही किसानों की टीम में मंत्री रणधीर सिंह का नाम क्यों नहीं ?



