
Patna: पिछले कुछ दिनों से लालू यादव की तारीफों के पुल बांध रहे मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह को झटका लगा है. महागठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ने का उनका सपना टूटता दिख रहा है. दरअसल आरजेडी सुप्रीमो के छोटे बेटे और बिहार में नेता-प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने महागठबंधन में अनंत सिंह की इंट्री की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है. राजद नेता तेजस्वी यादव ने विवादित नेता एवं मोकामा से विधायक अनंत सिंह के बिहार में महागठबंधन में प्रवेश से शुक्रवार को साफ-साफ इनकार कर दिया. ज्ञात हो कि बिहार में महागठबंधन में आरजेडी सबसे बड़ा घटक दल है.
बुरे तत्वों के लिए पार्टी में जगह नहीं- तेजस्वी
पिछले कुछ दिनों से राजद प्रमुख लालू प्रसाद की तारीफों के पुल बांध रहे अनंत सिंह को लेकर पूछे गये सवालों के जवाब में यादव ने साफ-साफ इसकी संभावना से इनकार किया. उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमलोग उनके जैसे बुरे तत्वों को अपनी पार्टी में शामिल नहीं कर सकते हैं. उनकी विचारधारा सामाजिक न्याय की विचारधारा के खिलाफ है, जिसके लिए हमारी पार्टी हमेशा से प्रतिबद्ध रही है.’
ज्ञात हो कि इससे पहले गुरुवार को लालू यादव के बड़े बेटे और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा था, ‘ऐसे किसी मामले में अंतिम फैसला लालूजी करेंगे. लेकिन ऐसे लोगों के आने से गलत संदेश जायेगा.’
इसे भी पढ़ेंः आम चुनाव से पहले RLSP को झटकाः पार्टी उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा जेडीयू में हुए शामिल
इसे भी पढ़ेंः जम्मू के बस स्टैंड पर धमाका




