
Shrinagar: जम्मू के बस स्टैंड में शुक्रवार की देर रात धमाका हुआ. हालांकि, ये कम तीव्रता वाला धमाका था, और राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. मिली जानकारी के मुताबिक बस स्टॉप के पास बने एक ढाबे पर रहस्यमय परिस्थितियों में जोरदार धमाका हुआ. जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. ब्लास्ट में पानी की टंकी समेत अन्य सामान नष्ट हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की.
धमाके के बाद आसपास खड़े यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ब्लास्ट के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इधर घटना को देखते हुए सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाबलों की गश्त बढ़ा दी गई है. इसके साथ ही इलाके में आतंकियों के स्लीपर सेल की सक्रियता की भी जांच की जा रही है.
सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर आतंकियों की नजर!
वहीं खुफिया एजेंसियों ने नए साल पर जम्मू के कुच इलाकों में आतंकी घटनाएं होने की आशंका जताई है. इसे लेकर जम्मू और कश्मीर में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया गया है. खुफिया विभाग के मुताबिक, जैश के आतंकी जम्मू के उधमपुर जिले में मौजूद सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं. बस स्टैंड में हुए धमाके और एजेंसी इनपुट के बाद सुरक्षाबल और चौकन्ना हैं.




