
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत सीसीएल जारंगडीह कोलियरी में कार्यरत महिला कर्मी सुदामा मोहली से धोखाधड़ी कर बैंक से लोन दिलाकर उसके ही एकाउंट से दो बार में चेक से साढ़े दस लाख रुपए की निकासी कर ली गई.घटना की लिखित सूचना महिला कर्मी ने मंगलवार को स्थानीय थाना को दी. थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव के निर्देश पर अनि अजीत कुमार ने मामले की जांच आरंभ कर दी है.घटना के संबंध में महिला कर्मी ने थाना को दिए गए आवेदन में लिखा कि बोकारो थर्मल हॉस्पिटल मोड़ कॉलोनी निवासी ललन रविदास और राजेश कुमार ने उसे बैंक से लोन दिलवाने की बात कही और गिरिडीह स्थित एसबीआई से उसे साढ़े दस लाख रुपये का लोन दिलवाने की बात कही. उक्त दोनों लोगों ने इसके एवज में उससे दो चेक हस्ताक्षर किया हुआ बैंक में जमा करने की भी बात कहते हुए दो चेक ले लिया. चूंकि वह अनपढ़ आदिवासी महिला है इसलिए दोनों ने लोन स्वीकृत करवाकर बोकारो थर्मल एसबीआई स्थित उसके एकाउंट नंबर-11086212607 से दो बार में साढ़े आठ लाख और दो लाख रुपए कुल साढ़े दस लाख रुपये की निकासी धोखाधड़ी कर फर्ज़ी तरीके से कर ली. बाद में जब वह बैंक पासबुक अपडेट करवाने गयी तो उसे पता चला कि उसके एकाउंट से साढ़े दस लाख रुपए की निकासी कर ली गई है.




