
Ranchi: पहले चरण में राज्यभर की 43 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर (बुधवार) को वोटिंग होनी है. इसके लिए संबंधित जिलों में पोलिंग पार्टियों को रवाना करना शुरू किया जा चुका है. झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के प्रथम चरण में रांची जिला अंतर्गत पांच विधानसभा क्षेत्र में वोटिंग होनी है. पहले चरण में तमाड़, रांची, हटिया, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्र में मतदान होना है. यहां मतदान कराने को रांची जिला प्रशासन ने भी मोरहाबादी के फुटबॉल ग्राउंड स्थित डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियों को लोटा-पानी कर उनकी बूथों की ओर रवाना करना शुरु कर दिया है. रवानगी से पूर्व मतदान कार्य में लगे पदाधिकारियों और अन्य का अभिवादन किया गया.


सिटी एसपी ने किया मतदान
पोलिंग पार्टियों की रवानगी के अलावा रांची जिला प्रशासन ने पोस्टल बैलट के माध्यम से वोटिंग की भी व्यवस्था की है.

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची राजकुमार मेहता ने पोस्टल बैलट के माध्यम से मंगलवार को मतदान किया. रांची के पुलिस लाइन स्थित फैसिलिटेशन सेंटर में उन्होंने अपने मताधिकार का उन्होंने इस्तेमाल किया. राजकुमार मेहता ने चुनाव कार्य में लगे अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों से जिन्होंने पोस्टल बैलट से मतदान के लिए पूर्व में फॉर्म 12-D भरकर आवेदन दिया था, उनसे आवश्यक रूप से मतदान करने की अपील की.

939 बूथों पर शाम 4 बजे तक वोटिंग
गौरतलब है कि 43 सीटों के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होनी है. इसके लिए सोमवार की शाम चुनाव प्रचार थम गया है. 13 नवंबर की सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक वोट डाले जाएंगे. हालांकि 939 बूथों पर सुरक्षा, दूरी और अन्य कारणों से शाम 4 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे. चुनाव के मद्देनजर पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू हो गयी है. 11 नवंबर को लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, गढ़वा समेत अन्य जिलों के करीब 200 बूथों पर हेलीड्रापिंग के माध्यम से चुनाव कर्मियों को पहुंचाया गया. मंगलवार को शेष बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को भेजा जा जाने लगा. देर शाम तक इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा. बुधवार की सुबह 5 बजे से ही मतदान की प्रक्रिया शुरु कर दी जाएगी. सभी बूथों पर सीसीटीवी और वेबकास्टिंग के जरिए चुनाव आयोग सीधा नजर रखेगा.




