
Jamshedpur: विधानसभा चुनाव के लिए प्रथम चरण का मतदान 13 नवंबर को होगा. जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव की तैयारी की गई है. मंगलवार की सुबह पांच बजे से ही बिष्टुपुर के कोऑपरेटिव कॉलेज और करनडीह के एलबीएसएम कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है. पूर्वी सिंहभूम जिले की छह विधानसभा सीटों पर 1913 पोलिंग पार्टियां मतदान संपन्न कराएंगी. पोलिंग पार्टियों को ईवीएम, वीवीपैट और मतदान सामग्री देकर रवाना किया गया. इसके लिए विधानसभा वार स्टाल बनाए गए हैं.
कोऑपरेटिव कॉलेज से जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी की पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही है. पोलिंग पार्टियों की रवानगी का काम शाम तक चलेगा. यहां से 1032 पोलिंग पार्टियां रवाना की जा रही है. डीसी अनन्य मित्तल के निर्देश पर कोऑपरेटिव कॉलेज और एलबीएसएम कॉलेज में सरकारी डाक्टरों की एक मेडिकल टीम भी तैनात की गई है. ताकि जरूरत पड़ने पर इनकी मदद ली जा सके, मतदान के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था भी कड़ी रहेगी. प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है. मतदान केंद्रों पर सभी नागरिक सुविधाएं मुहैय्या कराई जाएंगी.




