JharkhandRanchi

CM हेमंत सोरेन से अजयनाथ शाहदेव ने की हटिया में मेगा आइटी पार्क, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की मांग

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अजय नाथ शाहदेव ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की. इसके बाद श्री शाहदेव ने मीडिया को जानकारी देते बताया कि हटिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मांगों को लेकर वे मुख्यमंत्री से मिलने गये थे. इनमें हटिया विधानसभा क्षेत्र में मेगा आइटी पार्क की स्थापना, रातू व नगड़ी प्रखंड में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण और रांची सदर अस्पताल की तर्ज पर नगड़ी में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल निर्माण का मांग पत्र भी सौंपा.

श्री शाहदेव ने बताया कि मेगा आइटी पार्क के निर्माण से राज्य के 2 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा. रोजगार सृजन के साथ ही राज्य की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होगी. नगड़ी व रातू प्रखंड में स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी. इससे न सिर्फ वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे बल्कि आगे बेहतर भविष्य के निर्माण में सहायता मिलेगी.

नगड़ी प्रखंड में मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के निर्माण से रिम्स व सदर अस्पताल में लोड कम होगा साथ ही रांची जिला सहित आसपास के क्षेत्रों की एक बड़ी आबादी को अपने पास में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी. अजय शाहदेव के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने इन मांगों पर अपना सकारात्मक रुख दिखाया है. उम्मीद है कि जल्द ही हटिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की इन योजनाओं को हेमंत सरकार धरातल पर उतारेगी.

Related Articles

Back to top button