JharkhandRanchi

बीपीएल लाभुकों को अगस्त तक गोवा, द्वारिका-सोमनाथ, अजमेर शरीफ, आगरा की सैर कराएगी सरकार

Ranchi: राज्य सरकार झारखंड सीएम तीर्थ दर्शन योजना के जरिए गरीबों को देश के प्रमुख स्थलों की निःशुल्क सैर कराएगी. इसके तहत अलग-अलग धर्म, संप्रदाय के लोगों को खासकर उनके आस्था के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करायी जाएगी. इस क्रम में सभी जिलों में योग्य बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन मंगाए जाने लगे हैं. रांची में भी इसके लिए जिला खेल पदाधिकारी के स्तर से 3 जुलाई तक विकास भवन, रांची स्थित डीएसओ के पते पर आवेदन मांगे गए हैं. तीर्थ दर्शन योजना के तहत इसाई धर्म के लोगों को गोवा, हिन्दू धर्म के वरिष्ठ लोगों को द्वारिका- सोमनाथ और मुस्लिमों को अजमेर शरीफ, आगरा, फतेहपुर सिकरी की यात्रा करायी जानी है.

इसका रखें ध्यान

सरकार के मुताबिक, तीर्थ दर्शन योजना का लाभ लेने वाले बीपीएल कार्ड धारकों की उम्र 60 वर्ष या इससे अधिक हो. झारखंड का स्थायी निवासी हो. पहले कभी इस योजना का लाभ नहीं लिया हो. शारीरिक और मानसिक रूप से यात्रा करने के लिए फिट हो. रांची जिले से गोवा तीर्थ दर्शन के लिए 72, द्वारिका के लिए 72 और अजमेर शरीफ के लिए भी 72 लोगों को योजना का लाभ इस वर्ष दिया जाना है. तीनों स्थलों के लिए यात्रा की अवधि 6-7 रात और 7-8 दिनों की रखी गयी है. 10 जुलाई से 8 अगस्त 2024 के बीच चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई जाएगी. गोवा तीर्थ दर्शन के लिए हटिया-गोवा-हटिया स्टेशन, द्वारिका के लिए हटिया-द्वारिका-सोमनाथ-हटिया और अजमेर शरीफ के लिए हटिया-अजमेर-फतेहपुर सिकरी-आगरा-हटिया रेलवे स्टेशन की सुविधा यात्रियों के लिए ली जानी है. योजना का लाभ लेने के लिए अपने-अपने जिले के जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय से संपर्क करना होगा.

Related Articles

Back to top button