
Ranchi: राज्य के मनरेगा कर्मियों को भी लोकसभा चुनाव की ड्यूटी पर लगा दिया गया है. अनुबंध पर काम करने वाले इन मनरेगा कर्मियों से चुनाव संबंधी कार्य लिए जा रहे हैं. प्रत्येक दिन ब्लॉक में इन्हें चुनाव से जुड़े कार्य लिया जा रहा है.
संबंधित जिला प्रशासन ने इसकी ड्यूटी लगायी है. इस वजह से मनरेगा का काम भी प्रभावित हो गया है. हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग का इस संबंध में स्पष्ट निर्देश है कि अनुबंध कर्मियों से चुनाव से जुड़े कार्य नहीं कराना है फिर भी राज्य में बड़े पैमाने पर काम लिया जा रहा है. मनरेगा कर्मियों का कहना है कि काम करने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इसके बदले सामाजिक सुरक्षा भी मिलने चाहिए.
वहीं, काम के बदले भुगतान भी होना चाहिए. लेकिन इस संबंध में कोई बात नहीं होने से काफी परेशानी बढ़ गयी है. मनरेगा कर्मचारी जल्द ही इस संबंध में चुनाव आयोग को एक ज्ञापन भी सौंपेंगे. बता दें कि राज्य में 5,000 से अधिक मनरेगा कर्मचारी कार्य कर रहे हैं.
ग्रामीण विकास विभाग ने भी लिखा था पत्र
ग्रामीण विकास विभाग झारखंड सरकार ने भी इस संबंध में सभी जिलों में पत्र लिखा था और मनरेगा कर्मियों से मनरेगा के अलावा कोई दूसरा कार्य नहीं कराने का निर्देश दिया था. विभाग का कहना था कि हाल की समीक्षा में भी यह बात सामने आयी कि कई मनरेगा कर्मियों से दूसरे कार्य लिए जा रहे हैं, जिससे विभाग अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम सहित अन्य रोजगार परक महत्वकांक्षी योजना का काम प्रभावित हो रहा है. ऐसे में चुनाव आयोग व विभाग के निर्देश के बावजूद मनरेगा कर्मियों से चुनाव से जुड़े कार्य लिया जा रहा है.




