NEWS

अनिकेत मौत मामले की होगी न्यायिक जांच, हाजत के बाथरूम में संदेहास्पद स्थिति में मिला था शव

Ramgarh: तीन दिन पूर्व चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स रामगढ़ के कार्यालय में हुई चोरी की घटना से संबंधित अनुसंधान के क्रम में अनिकेत भुइयां उर्फ कोका को संदिग्ध पाते हुए रामगढ़ थाना में पूछताछ के लिए लाया गया था . 22 फ़रवरी को सुबह लगभग 10:20 बजे थाना प्रभारी को सूचना मिली कि मृतक द्वारा कथित रूप से कंबल के कपड़े को फाड़कर उसका फंदा बनाकर रामगढ़ थाना हाजत के अंदर बाथरूम के दरवाज़े के कोने से लटककर उसमें झूल कर आत्महत्या का प्रयास किया गया है, अविलंब उसे सदर अस्पताल ले जाया गया जहाँ पर चिकित्सकों ने इलाज उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.

इस विषय में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को लिखित में सूचना दे दी गई है एवं आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों के आलोक में दंडाधिकारी एवं विडियोग्राफर की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया गया है. इस पूरी घटना की निष्पक्ष जाँच हेतु न्यायिक जाँच करने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को लिखित प्रतिवेदन भेजा गया है. इस पूरे प्रकरण में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन किया जा रहा है. निश्चित ही इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है, परंतु इसमें पुलिस के द्वारा किसी भी तरीक़े के कथित अत्याचार की बात सामने नहीं आयी है, यह प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है.

Related Articles

Back to top button