
Ramgarh: जिले के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के बड़गांव में एक युवक की मामूली बहस के बाद गोली मार कर हत्या कर दी गई. घटना रविवार की शाम करीब 6:30 बजे की है. घटना के बाद मौके पर पहुंची वेस्ट बोकारो पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल को बरामद किया है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ एसडीपीओ किशोर कुमार रजक और वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी बलवंत दूबे घटना स्थल पहुंचे और मृतक शोएब के शव को अपने कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मृतक शोएब हुवाग -बलसगरा का रहने वाला था. बड़गांव में रामचंद्र प्रसाद के आवास में किराये पर भारत फाइनेंस के आफिस में कार्य करता था. भारत फाइनेंस ऑफिस में उसके साथ दो और साथी भी कार्य करते थे. रविवार की शाम शोएब के साथ कार्य करने वालों के बीच आपस में विवाद हुआ था. कहा सुनी में बात इतनी बढ़ गई की एक साथी ने पिस्तौल निकाल कर शोएब के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद गोली मारने वाले फरार हो गये. पुलिस भारत फाइनेंस के ब्रांच केशियर को पूछताछ़ कर रही है.




