
Ranchi/Dumka : CM हेमंत सोरेन के मुताबिक केंद्र के पास राज्य का एक लाख 36 हजार करोड़ रुपया बकाया है. अगर यह राशि मिल जाती तो बड़ी राहत होती. 1200 रुपये में मिलने वाला गैस सिलेंडर सबों को 500 रुपये में दिया जाता. यहां पेंशन के तौर पर मिलने वाली राशि 1000 के बजाए 2500 रुपये होती. युवाओं को अपने पैरों पर खड़े होने को 10 हजार रुपये की मदद मिलती. दुमका के गादी कोरैया पंचायत के बड़ा ढाका मैदान में मंगलवार को आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार अपने बल पर लोगों के पास जा रही है. अब ऐसा कोई घर नहीं है जहां राज्य सरकार की योजना नहीं पहुंची है. पहले एक परिवार के सिर्फ 2 बच्चियों को ही सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिल पाता था, अब सभी बच्चियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिलेगा. गुरुजी क्रेडिट कार्ड की मदद से बच्चों को पढ़ने के लिए राशि दी जाएगी. 20 लाख गरीब लोगों को हरा राशन कार्ड राज्य सरकार ने दिया है. आने वाले दिनों में उसी राशन कार्ड से 1 किलो दाल भी मुफ्त दी जायेगी. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा 835 करोड़ की लागत की 5308 योजनाओं का शिलान्यास किया गया. 199.38 लाख की 50 योजनाओं का उदघाटन भी उनके हाथों हुआ. इस दौरान कृषि मंत्री बादल, विधायक प्रदीप यादव, नलिन सोरेन, बसंत सोरेन, स्टीफन मरांडी, सीता सोरेन सहित जिलों के प्रशासनिक पदाधिकारी व अन्य भी उपस्थित थे.
अब नहीं आते पेंशन के आवेदन
हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में कहा कि दुमका जिले में 650 करोड़ की लागत से 800 किमी ग्रामीण सड़क की स्वीकृति दी गयी है. इससे गांव की सड़कें बेहतर होंगी. कोविड-19 के दौरान हमारे राज्य के ऐसे लोग जो दूसरे राज्यों में फंसे थे, उन्हें सड़क मार्ग, रेल तथा हवाई मार्ग से अपने राज्य,घर तक राज्य सरकार ने पहुंचाया. हर आदमी की जरूरत रोटी, कपड़ा और मकान है. इसे पूरा करने का कार्य राज्य सरकार कर रही है. हर गरीब को आवास राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी, ये उनका वादा है. अब पेंशन का आवेदन लेकर कार्यक्रम में कोई नहीं आता है. सरकार आपके द्वार के पिछले 2 चरणों मे बड़ी संख्या में आमजनों को लाभ मिला है. राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों को सरकार ने पुरानी पेंशन योजना से जोड़ा है.
खाली पड़ा था खजाना
कार्यक्रम में मंत्री बादल ने कहा कि सरकार बनी तो खजाना खाली था. सरकार के पास लोगों की आशाओं एवं आकांक्षाओं को पूरा करने की एक बड़ी चुनौती थी. कुछ दिन बाद कोविड-19 के महामारी के कारण पूरे देश में काम काज ठप पड़ गया था. लेकिन सरकार ने उस विपरीत परिस्थिति में भी डट कर मुकाबला किया. बादल ने बताया कि वर्तमान में दुमका जिले में 1,80,416 सर्वजन पेंशन योजना के लाभुक हैं. 1,22,699 लोगों को सर्वजन पेंशन योजना के प्रारंभ होने से लाभ मिला रहा है. वे सरकार को धन्यवाद देते हैं कि सर्वजन पेंशन योजना के प्रारंभ होने से अब लाभुकों को 60 वर्ष पूरी होते ही लाभ मिलना प्रारंभ हो जाता है.
जामा विधायक सीता सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार सभी के वर्गों के लिए योजनाएं बना रही है. जिला प्रशासन से अनुरोध करते कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी लाभुकों को कल्यणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें. राज्य में विकास बाधित हो, इसके लिए तमाम प्रयास विकास विरोधी तत्वों द्वारा किया जा रहा है.
पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि गरीब, पिछड़ा, दलित सहित सभी वर्गों को योजनाओं से सरकार जोड़ रही है. लोगों को किसी भी दफ्तर का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है. सरकार स्वयं लोगों के दरवाजे पर चलकर आ रही है. शिकारीपाड़ा विधायक नलिन सोरेन ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब पूरा राज्य महामारी के दौर से गुजर रहा था, उस वक़्त भी राज्य सरकार को आमजनों की चिंता थी. अब भी राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं.
महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी के मुताबिक आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का काफी लाभ आमजनों को मिल रहा है. पिछले 2 चरणों में बड़ी संख्या में आमजनों की समस्याओं का समाधान हुआ है. कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा मुख्यमंत्री द्वारा की जाती है.
इसे भी पढ़ें – 100 करोड़ के मिड डे मील घोटाला मामले के आरोपी संजय तिवारी को सीबीआइ कोर्ट ने जमानत देने से किया इनकार



