
Ranchi: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में लगातार हिंदुओं के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते इसकी निंदा की है. प्रतुल ने पिछले चार सालों में घटित ऐसी सभी घटनाओं के सीबीआई जांच की भी मांग की है. इसके लिए अनुशंसा करने की मांग राज्य सरकार से मांग है. प्रतुल के अनुसार इस सरकार में तुष्टिकरण करने वाली शक्तियों को अपना सरकार वाली फीलिंग आ रही है.
मांडर में मुड़मा में पांच मंदिरों में प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करने की घटना कोई पहली घटना नहीं है. इसके पूर्व जमशेदपुर में 8 अप्रैल, 2023 को हिंदुओं के धार्मिक झंडे में प्रतिबंधित मांस को बांधकर टांगा गया था और उसके बाद एक भीड़ ने एक मंदिर पर हमला किया था. पलामू के पांकी में सरकार ने शिव बारात पर रोक लगा दी थी. 27 सितंबर, 2023 को समुदाय विशेष के एक व्यक्ति ने हिंदपीढी थाना क्षेत्र में हनुमान के मंदिर में मूर्ति को खंडित किया था. बोकारो में भी लगातार मंदिरों को निशाना बनाया गया .माराफारी थाना क्षेत्र के चंचली मंदिर और कासियाटांड़ में दो मंदिरों की मूर्तियों को खंडित किया गया. बोकारो के सेक्टर 4 थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर में भी असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचाया था. पलामू के मेदनीनगर शहर के नवाटोली में ललित श्री राम मंदिर से 12 मुकुट चोरी हो गए और भगवान शंकर का त्रिशूल तोड़ दिया गया.
प्रतुल ने कहा कि इसके अतिरिक्त भी इस प्रदेश में कई दर्जन ऐसी घटनाएं हुई हैं जिसमें मंदिरों को असामाजिक तत्वों के द्वारा निशाना बनाया गया है जिससे एक सुनियोजित साजिश की बू आती है. प्रतुल ने हेमंत सरकार से पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने का आग्रह करते कहा है कि इससे साजिशों का पर्दाफाश हो सकेगा.




