
Chaibasa: जिले के अति उग्रवाद प्रभावित गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुईरा गांव के समीप के जंगल में सोमवार की सुबह नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ 60 बटालियन जी कंपनी का जवान एएसआई देवेंद्र काकोटी घायल हो गए हैं. घायल जवान देवेंद्र को कान में चोट लगी है. घटना के बाद घायल जवान का पहले सोनुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उसके बाद चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया. बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया है. जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट में एएसआई को मामूली चोटें आई हैं. पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चला रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह के बेंगाबाद में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगया हत्या का आरोप
बता दें कि जिले के गोइलकेरा एवं टोंटो थाना क्षेत्र में इन दिनों नक्सलियों के खिलाफ जिला पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा बड़े पैमाने में अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान अब तक नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बल को लक्षित कर लगाए गए आईईडी विस्फोट की कई घटनाएं हो चुकी हैं और इसकी चपेट में आने के कारण अब तक कई ग्रामीणों की मौत हो चुकी है. जबकि कई सुरक्षा बलों के जवान घायल भी हो चुके हैं. हालांकि पुलिस की इस अभियान में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सफलता भी मिल रही हैं।




