
Ranchi: धुर्वा के आनी में बन रहे लाइट हाउस प्रोजेक्ट को लेकर लाभुकों में आशंका शुरू हो गयी है. 9 जुलाई की देर रात एक यूनिट के लिफ्ट वाले सेक्शन और उससे सटे हिस्से के भरभरा के गिर जाने से आशंका और गहरी हो गयी है. इसके बाद लाभुकों ने नगर निगम से अपने हिस्से की दी गयी राशि की मांग शुरू कर दी है. हालांकि इसके संबंध में वे नगर निगम से अधिकृत जानकारी का इंतजार कर रहे हैं. निगम ने लाइट हाउस आवंटन के संबंध में अलग-अलग ग्रुप सोशल मीडिया पर बनाये थे. लाइट हाउस में हुए घटना के बाद लाभुकों ने अपने-अपने हिस्से की राशि मांगनी शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें: बारिश की मार से LIGHT HOUSE PROJECT की खुली पोल, गिरी 8 मंजिला बिल्डिंग
इधर नगर विकास विभाग झारखंड को भी कई स्तरों पर लोग संपर्क करने लगे हैं. यहां तक कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को देख रही टीम को भी संपर्क करना शुरू कर दिया है. हालांकि स्मार्ट सिटी प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि लाइट हाउस का निर्माण प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हो रहा है, इससे संबंधित जानकारी लेने के लिए नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना सेल से संपर्क करना होगा.
गौरतलब है कि आनि धुर्वा में लाइट हाउस प्रोजेक्ट के तहत 1008 फ्लैट का निर्माण हो रहा है. इसके लिए लॉटरी के माध्यम से चयनित लाभुकों से करीब सात लाख रुपये अंशदान के तौर पर किस्तों में लिए जा रहे हैं. चयनित लाभुकों ने योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले पांच हजार रुपये निर्धारित बैंकों में जमा कराये इसके बाद लॉटरी से चयनित होने पर पहले किस्त के रूप में 30 हजार रुपया जमा कराया, इसके बाद क्रमवार तरीके के एक लाख 63 हजार रुपये की राशि लाभुकों से मांगी गयी. कई लाभुकों ने दो से तीन किस्तों की राशि दे भी दी है. उनसे कहा गया था कि इसी वर्ष के जून महीने में आवास तैयार कर लाभुकों को शिफ्टिंग कराने का काम किया जाएगा. लेकिन अबतक इस पर पहल शुरू नहीं हो पायी है. रविवार देर रात हुई घटना के बाद से इससे लेकर लोगों के कई सवाल उठने लगे हैं.
इसे भी पढ़ें: आंगनवाड़ी सेविका, सहायिकाओं की सरकार से मांग- मिले केंद्रीय कर्मचारी का दर्जा, रिटायरमेंट पर मिले 5 लाख का एकमुश्त लाभ




