
Giridih: ईस्टर्न रेलवे के कंज्यूमर परामर्श दात्री समिति के सदस्य और प्रसिद्ध उद्योगपति प्रदीप अग्रवाल, चैंबर ऑफ कॉमर्स के निर्मल झुनझुनवाला और आरटीआई कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने मंगलवार को गिरिडीह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर वहां यात्री सुविधाओं समेत अन्य स्थितियों का जायजा लिया लेकिन स्टेशन पर हालात बेहद खराब दिखे. बता दें कि ईस्टर्न रेलवे के अधीन गिरिडीह रेलवे स्टेशन की सूरत पांच साल पहले तीन करोड़ की लागत से बदली गई थी और इसे बदलने में आसनसोल के तत्कालीन डीआरएम की भूमिका बेहद खास रही थी.

निरीक्षण के दौरान स्टेशन मैनेजर नजर नहीं आए. उनके अनुपस्थित होने के संबंध में पूछे जाने पर स्टेशन मास्टर ने बताया कि मैनेजर आते है लेकिन अपनी हाजरी बनाकर सुबह 10 बजे वाले ट्रेन से वापस चले जाते है. मतलब की 24 घंटे में चार फेरे चलने वाली गिरिडीह मधुपुर पैसेंजर ट्रेन अगर किसी दिन वक्त पर आया या नहीं भी आया, तो यात्री सिर्फ परेशान ही होंगे, यात्रियों को सही सूचना देने वाले मैनेजर भी गायब ही मिलेंगे. वैसे निरीक्षण के क्रम में पूरे स्टेशन में एक भी कंप्लेन रजिस्टर नही मिला, जिसे यात्री अपना शिकायत दर्ज करा सके.

वैसे परामर्श दात्री समिति के सदस्यों को स्टेशन मास्टर ने जानकारी दी कि कई बार शिकायत बुक रखने की बात वो मैनेजर से कर चुके हैं. इस दौरान परामर्श दात्री सदस्यों ने आसनसोल डीआरएम को पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरिडीह स्टेशन में फर्स्ट क्लास, सेकंड क्लास के वेटिंग हाल की स्थिति बेहद खराब है. वॉशरूम में भी ताला लगा रहता है, यहां तक कि पेयजल के लिए लगी मशीन भी गंदगी के बीच में है. इसकी सफाई भी नहीं की जाती है. लिहाजा, गिरिडीह स्टेशन में अब बदलाव की जरूरत है.




