
Palamu / Garhwa: पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढ़वा जिला के रमकंडा थाना क्षेत्र में हुई भाजपा नेता गोपाल चौरसिया की हत्या मामले में पूर्व राजद नेता देवेन्द्र प्रसाद गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तारी से बचने के लिए देवेन्द्र गुप्ता बचता फिर रहा था. गुप्त सूचना पर उसे एक वाहन से धर दबोचा गया.
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि भाजपा नेता गोपाल चौरसिया हत्याकांड का आरोपी एवं साजिशकर्ता पूर्व राजद नेता देवेन्द्र प्रसाद गुप्ता गिरफ्तारी से बचता फिर रहा है.
इसे भी पढ़ें – अगर कोई बेईमानों का खास है, तो वह रघुवर दास हैः आरपीएन सिंह
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
बुधवार को सूचना मिली कि देवेन्द्र गुप्ता रंका-गढ़वा मुख्य पथ पर किसी वाहन से आ रहा है. सूचना पर रंका नाका के समीप लोहवा पुल पर चेकिंग अभियान तेज किया गया.
चेकिंग अभियान चला रही पुलिस को देख कर देवेन्द्र गुप्ता वाहन से उतर गया और भागना चाहा, लेकिन उसे गिरफ्त में ले लिया गया. एसपी ने बताया कि देवेन्द्र गुप्ता से पहले गोपाल चौरसिया हत्याकांड में दो अन्य आरोपियों प्रदीप प्रसाद और बसंत प्रसाद उर्फ नन्हकू को गिरफ्तार किया गया है.
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की गयी है. देवेन्द्र प्रसाद का रमकंडा के साथ-साथ डालटनगंज के मेदिनीनगर में भी मकान है. देवेन्द्र वहां ज्यादा रहा करता था. राजद में देवेन्द्र गुप्ता प्रदेश कमिटी में रह चुका है.
23 अक्टूबर को हुई थी भाजपा नेता की हत्या
विदित हो कि गत 23 अक्टूबर की दिनदहाड़े भाजपा नेता गोपाल चौरसिया की गला रेत कर हत्या कर दी गयी थी. गोपाल की हत्या के पीछे उसके बेटे का अंतरजातीय विवाह सामने आया है. उसके बेटे ने गांव की ही एक दूसरी जाति (साहू) की लड़की से प्रेम विवाह कर लिया था. विवाह के बाद से लड़की पक्ष के लोगों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी. इसी क्रम में गोपाल चौरसिया की हत्या की गयी.
इसे भी पढ़ें – #CabinetDecision: आंगनबाड़ी सेविका, सहायिकाओं का बढ़ा मानदेय, शहरी निकाय कर्मियों को भी सातवें वेतनमान का लाभ



