
Chaibasa: झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में अंतर संस्थानिक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता ग्रुप सी के मैचों का आयोजन कल से चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान में होने जा रहा है. इस प्रतियोगिता में झारखण्ड के कुल 12 संस्थानों की टीमें भाग ले रही है. तीन ग्रुपों में रखी गई 12 टीमों में से ग्रुप ए में जमशेदपुर के टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, नाग मोटर्स एंव पवन ऑटो की टीमों को रखा गया है जिसके सारे मैच जमशेदपुर के टेल्को मैदान पर खेले जाएंगे. इसी तरह ग्रुप-बी में राँची के मेकॉन एवं सेल के साथ बोकारो के गुरुदेव कंसट्रकशन तथा धनबाद के रैमसन डेवलपर्स की टीम है, जिसके सारे मैच धनबाद के टाटा डीगवाडीह स्टेडियम में खेले जाएंगे. जबकि ग्रुप-सी में चाईबासा के रूंगटा माइंस लिमिटेड एवं मिश्रीलाल जैन ग्रुप, चक्रधरपुर के सेरसा चक्रधरपुर तथा आदित्यपुर के आर एस बी ट्रांसमिसन को रखा गया है जिसके सारे लीग मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले जाएंगे.
इसे भी पढ़ें: चाईबासा के बंदगाव में पुलिस दल पर ग्रामीणों ने किया हमला, थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल, हिरासत में लिए गए छह ग्रामीण
इस प्रतियोगिता में प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे. पहला मैच प्रातः 8:30 बजे से 11:40 बजे तक जबकि दूसरा मैच अपराह्न 1:00 बजे से 4:10 बजे तक खेला जाएगा. चाईबासा में कल 11 जून को प्रातः 8:30 बजे से मेजबान रुंगटा माइंस लिमिटेड का मुकाबला सेरसा चक्रधरपुर से जबकि अपराह्न 1:00 बजे से होने वाले दूसरे मैच में मिश्रीलाल जैन ग्रुप का मुकाबला आर एस बी ट्रांसमिसन से होगा. तरह 12 जून को प्रातः 8:30 बजे से रुंगटा माइंस का मुकाबला आर एस बी ट्रांसमिसन से जबकि अपराह्न 1:00 बजे से मिश्रीलाल जैन ग्रुप का मुकाबला सेरसा चक्रधरपुर से होगा. 13 जून को पूर्वाह्न खेले जाने वाले अंतिम लीग मैच में रुंगटा माइंस का मुकाबला मिश्रीलाल जैन ग्रुप से जबकि अपराह्न 1:00 बजे से सेरसा चक्रधरपुर का मुकाबला आर एस बी ट्रांसमिसन आदित्यपुर से होगा.
लीग मैच की समाप्ति के बाद सभी ग्रुप में अंक तालिका में पहले स्थान पर रहनेवाली टीम सुपर डिवीजन के लिए क्वालीफाई करेगी. जिसके सारे मैच जमशेदपुर के टेल्को मैदान पर खेले जाएंगे. जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने इस संबंध में बताया कि कल से शुरू होने वाले अंतर संस्थानिक लीग मैच के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. मैच के लिए जेएससीए द्वारा नियुक्त दोनों अंपायर जमशेदपुर के अभिषेक एवं बोकारो के उमेश पाठक चाईबासा पहुँच चुके हैं जबकि स्कोरर की जिम्मेदारी चाईबासा के संदीप रॉय को सौंपी गई है.




