
Ranchi: देशभर में किसानों ने खेतों में रासायनिक उर्वरकों के इस्तेमाल के नुकसान को झेला है. रासायनिक उर्वरकों से शुरूआत में फसलें जरूर ज्यादा होती हैं पर उनसे खेत बंजर भी होते हैं और वे स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है. लिहाजा अब किसान धीरे-धीरे प्राकृतिक या ऑर्गेनिक खेती की ओर रुख कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: बीज घोटाला: श्रम मंत्री और पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद भोक्ता के डिस्चार्ज पिटिशन पर 16 जून को सुनवाई
झारखंड के पांच जिलों जिनमें पलामू, चतरा, लोहरदगा, सिमडेगा और खूंटी शामिल है के करीब 870 किसान खेती की अपनी पुरानी तकनीक को अपना रहे हैं. वे मशीनों की जगह हल बैलों और रासायनिक खादों की जगह पर गोबर व गोमूत्र का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसका फायदा उन्हे मिल रहा है. न सिर्फ खेतों में पैदावार अच्छी हुई है बल्कि उनकी गुणवत्ता भी काफी बेहतर है. रासायनिक खादों का इस्तेमाल न होने की वजह से ये उत्पाद स्वास्थ्य के लिए भी अच्छे हैं.
यह परिवर्तन आया कैसे?
दरअसल इसके पीछे देहाती जायका समूह का प्रयास है. यह समूह ग्रामीण क्षेत्रों में प्राकृतिक या ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने की मुहिम चला रहा है. समूह न सिर्फ खेती के परंपरागत और देशज तरीके को फिर से पुनर्र्स्थापित करने बात करता है बल्कि हाइब्रीड की जगह पर देशी बीजों के प्रयोग को भी बढावा देता है.
इस मुहिम में एक और किसान हैं तो दूसरी ओर उनकी घर की महिलाएं जो देशी खाद्यान्नो की प्रोसेसिंग देशज तरीके से कर रही हैं. ढेंकी, मूसल और ओखली से कूटे गये अनाजों, दालों की सफाई और पैकेजिंग कर शहरों के आउटलेट में भेजा जा रहा है. मिसाल के तौर पर पलामू की कुरथी और राहड़ दाल को लें. ये गुणवत्ता में देश में सर्वश्रेष्ठ है. जिन पांच जिलों के 870 किसानों की चर्चा है उनमें से करीब 400 किसान पलामू क्षेत्र के ही हैं.
क्या कहते हैं समूह के प्रोपराइट
समूह के प्रोपराइट अमृतेश पाठक बताते हैं कि उनके समूह के प्रयासों से काफी परिवर्तन आया है. किसान इस बात से संतुष्ट हैं कि उनके खेत पुनर्जीवित हो रहे हैं. उनके घरों की महिलाओं को भी स्वरोजगार मिल रहा है और शहरों के लोगों को भी अच्छे उत्पाद उपलब्ध कराये जा रहे हैं.




