
Deoghar: भाजपा द्वारा चलाए जा रहे महा जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को स्थानीय एक होटल के सभागार में आयोजित देवघर विधानसभा की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट में मोदी सरकार के नौ वर्षों के उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की गई. संवाद के दौरान मुख्य रूप से भाजपा ज़िला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मज़बूत राजनीतिक इच्छाशक्ति वाला नेता बताते हुए कहा कि मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, कोविड की महामारी में देसी वैक्सीन का ज़िक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने समाज के सभी वर्गों को एकसाथ लेकर चलने का सफल प्रयास किया है. विधायक ने कहा कि देश में फिर से मोदी सरकार को बनाने को लेकर जनता तैयार है.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा में महिला पहलवानों के साथ एकजुटता के लिए सीटू, किसान सभा ने बनाई मानव श्रृंखला
भाजपा ज़िला महामंत्री पंकज सिंह भदौरिया ने महा जनसंपर्क अभियान पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर पार्टी एक माह तक लगातार अभियान चला रही है. पार्टी के कार्यकर्ताओं को प्रत्येक घरों तक जाकर सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराना है. प्रदेश आईटी सेल सह संयोजक विवेक विकास ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से संवाद करते हुए उन्हें मोदी सरकार की जनहित में चलाई जाने वाली योजनाओं से जनता को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रभावी तरीक़े से अवगत कराने को लेकर चर्चा की. इस दौरान विवेक ने कहा कि सोशल मीडिया संवाद का सबसे प्रभावी माध्यम है और राजनीति में जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सबसे उचित मंच है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भाजपा के पक्ष में आक्रामक प्रचार करते हुए विपक्षी पार्टियों के दुष्प्रचार को मुंहतोड़ जवाब देने की जवाबदेही सोशल मीडिया के योद्धाओं की है.

इस दौरान जिला आईटी सेल संयोजक भूषण सोनी, नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर खवाड़े, देवघर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष निरंजन देव, मोहनपुर मंडल अध्यक्ष विभूति झा, सोशल मीडिया संयोजक कुणाल तिवारी, सागर झा, रमेश राय, संजय गुप्त, देवघर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विजय दास, विकास राउत, गौतम यादव, चुन्नू बरनवाल, भूदेव यादव, प्रमोद राय, जगन्नाथ यादव, सुनील यादव, पप्पू यादव, शुभम गुप्ता, गौतम कुमार यादव, चंद्रशेखर भंडारी, त्रिलोचन दास, सीताराम यादव, ब्रह्मदेव ठाकुर, धनंजय तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




