
Ranchi: रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण में चांदमल स्कूल से लेकर रतनलाल कांप्लेक्स दुर्गा मंदिर के आसपास रैंप बनाने का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं. एनएचएआई ने उक्त स्थान पर दोनों ओर से रैंप बनाने का निर्णय लिया है, लेकिन, स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रैंप का निर्माण उस जगह पर करना सही नहीं होगा. क्योंकि इसके निर्माण होने से वहां पर पार्किंग समाप्त हो जायेगी और पार्किंग नहीं रहने पर उसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा. वाहनों को पार्क करने की जगह नहीं होने पर वहां पर कस्टमर नहीं आयेंगे. जिससे करीब 230 दुकानदार प्रभावित होंगे.
रातू रोड के व्यापारी जगह-जगह पर होर्डिंग इत्यादि लगाकर अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. कई तख्तियां भी टांग दी गयी है. जिसमें यह लिखा हुआ है कि फ्लाईओवर विकास, रैंप विनाश, रैंप का निर्माण नहीं करें श्रीमान, जैसे पोस्टर लगे हुए हैं. एनएचआई के अधिकारियों को भी इससे अवगत कराया गया है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि रैंप निर्माण से अधिक जमीन नहीं ली जायेगी न ही कोई तोड़फोड़ किया जायेगा. पार्किंग का भी स्थान रहेगा. बता दें कि, कचहरी से रातू रोड होते हुए पिस्का मोड से आगे तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है. लगभग तीन किमी इस कॉरिडोर के निर्माण में पीलर को बनाया जा रहा है. दो दर्जन से अधिक पीलर बन भी गये हैं. काम में काफी तेजी है. यह प्रयास हो रहा है कि 2024 तक इसे पूरा करा दिया जाये.
इसे भी पढ़ें: JBVNL: एनर्जी एक्सचेंज से 500 MW बिजली ली गयी, राज्य में बिजली व्यवस्था सामान्य




