
Ranchi: गोला गोलीकांड के एक मामले में पिछले साल रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी और राजीव जायसवाल को मिली 5 साल की सजा को चुनौती देने वाली क्रिमिनल अपील की सुनवाई झारखंड हाईकोर्ट में हुई. इसी क्रम में दोनों सजायाफ्ता की ओर से अदालत से लगाई गई जमानत की गुहार पर भी सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट ने ममता देवी एवं राजीव जायसवाल के अधिवक्ता का पक्ष सुनने के बाद राज्य सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 5 अप्रैल को होगी. हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति नवनीत कुमार की कोर्ट ने मामले की सुनवाई की. सरकार की ओर से अधिवक्ता मनोज कुमार एवं भोलानाथ ओझा ने पैरवी की. ममता देवी की ओर से अधिवक्ता ए के साहनी, राजीव जायसवाल की ओर से अधिवक्ता ए के कश्यप ने पैरवी की.
इसे भी पढ़ें: राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया, हाईकोर्ट का नया भवन 30 अप्रैल तक हस्तांतरित किया जाएगा
इस मामले में 13 दिसंबर 2022 को ममता देवी और राजीव जायसवाल को 5 साल की सजा मिली थी. सजा को चुनौती देते हुए ममता देवी और राजीव जायसवाल की ओर से हाई कोर्ट में अपील दाखिल की गई है साथ ही जमानत की गुहार भी लगाई गई है. दरअसल, 13 दिसंबर 2022 को हजारीबाग जिला जज चतुर्थ कुमार पवन की अदालत ने ममता देवी एवं अन्य को 5 साल की सजा सुनाई थी और उसपर 10 हजार का जुर्माना भी लगाया गया था. 8 दिसम्बर को विधायक ममता देवी दोषी करार दिये जाने के बाद पुलिस हिरासत में ले लिया गया था. एमपी एमएलए की विशेष कोर्ट ने 307, आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन धाराओं में ममता देवी समेत 13 आरोपियों को दोषी करार दिया था, जिसके बाद इन्हें जेपी कारा भेज दिया गया था.
फायरिंग में हुई थी 2 की मौत
29 अगस्त 2016 को रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र में आइपीएल कंपनी को बंद कराने को लेकर कंपनी के सामने ममता देवी के नेतृत्व में नागरिक चेतना मंच के बैनर तले 150-200 संख्या में ग्रामीण धरना पर बैठे थे. इस दौरान ग्रामीण उग्र हो गये थे. पुलिस को आत्मरक्षा और बचाव को लेकर फायरिंग करनी पड़ी थी. इस घटना में 2 लोगों की मौत और दो से तीन दर्जन लोग घायल भी हो गये थे. सुरक्षा में बतौर मजिस्ट्रेट तैनात सीओ, बीडीओ और थानेदार सहित अन्य जवानों को भी चोट आयी थी. गोली कांड को लेकर रजरप्पा और गोला थाना कांड में चार अलग अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. इनमें गोला थाना में कांड संख्या 65/2016 , रजरप्पा थाना कांड संख्या 81/2016, गोला थाना कांड संख्या 64/2016 शामिल है.




