DhanbadNEWS

धनबाद: अमर शहीद रणधीर वर्मा को दी गई श्रद्धांजलि, शहीद की पत्नी ने कहा- शहीदों को शायद ही ऐसी श्रद्धांजलि पूरे देश में कहीं और मिलती होगी

Dhanbad: धनबाद के पूर्व एसपी वीरता के लिए सर्वोच्च पदक अशोक चक्र से सम्मानित भारतीय पुलिस सेवा के जांबाज अधिकारी अमर शहीद रणधीर वर्मा आज मंगलवार को श्रद्धांजलि दी गई. रणधीर वर्मा आज से 32 वर्ष पहले तीन जनवरी को शहीद हुए थे. उनके 32वें शहादत दिवस पर सादे समारोह में श्रद्धांजलि दी गई. जिसमें स्व रणधीर वर्मा की पत्नी पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रीता वर्मा, उपायुक्त संदीप सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार, ग्रामीण एसपी रेशमा रमेशन, भाजपा विधायक राज सिन्हा, निरसा विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, कांग्रेस के संतोष सिंह समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

रणधीर वर्मा चौक पर स्थित अशोक चक्र विजेता स्व रणधीर प्रसाद वर्मा की आदमकद प्रतिमा पर मंगलवार की सुबह श्रद्धांजलि अर्पित की गई. जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिला पुलिस बल ने उन्हें सशस्त्र सलामी दी. मातमी धुन बजाया गया और दो मिनट का मौन रखा गया. सलामी देने के बाद उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

मौके पर शहीद की पत्नी व पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर रीता वर्मा ने कहा कि कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए एहतियातन श्रद्धांजलि सभा का कार्यक्रम सीमित किया गया. डॉ वर्मा ने खेद प्रकट करते हुए बताया कि अशोक चक्र विजेता स्व रणधीर वर्मा के नाम पर गोल्फ मैदान का नामकरण स्व रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम रखा गया था, जिसे नजरअंदाज करते हुए धनबाद नगर निगम ने मिटा दिया. शहीदों को शायद ही ऐसी श्रद्धांजलि पूरे देश में कहीं और मिलती होगी. मालूम हो कि शहीद रणधीर वर्मा पहले असैनिक अधिकारी हैं, जिन्हें मरणोपरांत 26 जनवरी 1991 को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था. भारत सरकार ने सन 2004 में उनके सम्मान में डाक टिकट भी जारी किया था.

वहीं शहीद रणधीर वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह ने कहा कि उन्हें जानकारी हुई है कि स्व रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम का नाम बदल दिया गया है. इस संबंध में नगर आयुक्त से बात कर उचित प्रक्रिया की जाएगी.

श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक संदीप संजीव कुमार ने कहा कि हम लोगों के लिए रणधीर प्रसाद वर्मा एक उदाहरण और आदर्श थे. स्व रणधीर प्रसाद वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके हिम्मत और शौर्य को वह सलाम करते हैं.

मालूम हो कि रणधीर वर्मा की शहादत के बाद से प्रतिवर्ष धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है. कोविड के संभावित खतरों को देखते हुए इस वर्ष संगीतमय श्रद्धांजलि की जगह सादे समारोह में श्रद्धांजलि दी गई. बता दें कि 3 जनवरी 1991 में बैंक लूटने पहुंचे खालिस्तानी आतंकियों से लोहा लेते हुए धनबाद के तत्कालीन एसपी रणधीर वर्मा शहीद हो गए थे.

इसे भी पढ़ें: कोडरमा में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

 

Related Articles

Back to top button