
Rana Pratap Singh
Ranchi : वर्ष 2022 में झारखंड हाइकोर्ट में पांच चुनाव याचिकाओं का निष्पादन हुआ. इनमें से एक मामला बड़कागांव निर्वाचन क्षेत्र की तत्कालीन विधायक निर्मला देवी के निर्वाचन को चुनौती देनेवाली रोशन लाल चौधरी की याचिका थी. हाइकोर्ट ने रोशन लाल चौधरी के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि वर्ष 2014 के बड़कागांव विधानसभा चुनाव में निर्मला देवी को कई बूथों पर डबल वोटिंग के सहारे विजय मिली थी. कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि मतदान गुप्त प्रक्रिया है इसलिए कोई यह नहीं कर सकता कि किसके पक्ष में वोट गया है. कोर्ट ने रोशन लाल चौधरी की याचिका खारिज कर दी.
वहीं वर्ष 2016 के राज्यसभा चुनाव के दौरान महेश पोद्दार और मुख्तार अब्बास नकवी के निर्वाचन को चुनौती देनेवाली तत्कालीन विधायक निर्मला देवी के निर्वाचन याचिका पर भी हाइकोर्ट में सुनवाई हुई. जिसमें प्रार्थी निर्मला देवी की ओर से कोर्ट को बताया गया कि उनके जेल में रहने के कारण वे सक्षम तरीके से मुकदमा नहीं लड़ सकती हैं. कोर्ट ने उनकी इस दलील को स्वीकार करते हुए उनकी चुनाव याचिका को निष्पादित कर दिया. दोनों मामलों में निर्मला देवी की ओर से अधिवक्ता अरविंद कुमार लाल ने पैरवी की थी. वहीं विष्णु कांत झा द्वारा अमित कुमार मंडल के निर्वाचन को चुनौती देनेवाली याचिका को हाइकोर्ट ने आदेश का अनुपालन नहीं करने के कारण खारिज कर दिया. कोर्ट ने नोटिस जारी करने का आदेश देते हुए याचिकाकर्ता को निर्देश दिया था कि वह पिटीशन की प्रति एवं पोस्टल डाक टिकट जमा करें. लेकिन याचिकाकर्ता की ओर से ऐसा नहीं किया गया. दूसरी ओर सुखदेव भगत द्वारा लोहरदगा विधायक रामेश्वर उरांव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर भी हाइकोर्ट में सुनवाई हुई. जिसमें सुखदेव भगत की ओर से याचिका को वापस लेने का आग्रह कोर्ट से किया गया था. जिस पर 23 नवंबर 2022 को हाइकोर्ट ने याचिका वापस लेने की अनुमति प्रदान की. वहीं नारायण गिरि द्वारा दाखिल चंद्र प्रकाश चौधरी, जगन्नाथ महतो व अन्य के निर्वाचन को चुनौती देनेवाली याचिका को झारखंड हाइकोर्ट ने 7 मार्च 2022 को खारिज कर दिया.
इसे भी पढ़ें – केंद्र से जल्द मिलेगी 2200 करोड़ की ग्रामीण सड़क योजना की स्वीकृति, फाइल केंद्रीय मंत्री पास



