
Ranchi : बीआईटी मेसरा के 35वें वर्ष की रि-यूनियन का तीन दिवसीय उत्सव शुरू हो गया. इसमें 83 बैच के विद्यार्थियों का जुटान हो रहा है. कई महाद्वीपों से पूर्व-छात्र अपने परिवारों के साथ रांची पहुंच चुके हैं. कार्यक्रम की आयोजन समिति के स्थानीय पूर्व-छात्रों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. समारोह में हैदराबाद और कोलकाता के कलाकारों के साथ तीन सांस्कृतिक शामें शामिल हैं, जो पुरानी यादों के साथ सभी को रोमांचित करने के लिए तैयार हैं. कल के लिए बीआईटी मेसरा का दौरा निर्धारित है, जहां पूर्व-छात्र परिसर में पुराने शिक्षकों को सम्मान देंगे. इसके अलावा बीआईटी सभागार में एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की गई है, जहां कुलपति पूर्व-छात्रों को संबोधित करेंगे. पूर्व-छात्रों में से कुछ शीर्ष सीईओ का छात्रों के साथ परामर्श सत्र होगा. दिवंगत हुए 15 पूर्व-छात्रों को सभी सभागार में श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे. इंटरनेशनल गेस्ट हाउस और हॉस्टल 6 में लंच और हाई-टी का आयोजन किया गया है. उत्पल बाउल (डीन), विशाल साह (एसोसिएट डीन) और बीआईटी मेसरा के फैकल्टी कीर्ति अभिषेक समन्वय कर रहे हैं. 25 दिसंबर को लतरातू बांध की सैर का इंतजाम किया गया है. क्रिसमस डिनर में रांची के सभी गणमान्य पूर्व छात्रों को आमंत्रित किया गया है. रांची की आयोजन समिति में इन्द्र मोहन चौधरी, राकेश चौधरी, कुमुद झा, शिव कुमार, उज्ज्वल भास्कर, प्रकाश मोहन, रिपुंजय सिंह, आशीष कुमार, शांतनु तिवारी, शिरीष दास, श्याम नारायण, संजीव कुमार, संजय परीदा और विजय जैन शामिल हैं. उन्होंने आयोजन को सफल बनाने का बीड़ा उठाया है.




