
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर रांची स्मार्ट सिटी एबीडी क्षेत्र के मुसाटोली में वर्षों से रह रहे करीब दो दर्जन परिवारों को बसाने को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग तथा जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. इसी क्रम में मुख्यमंत्री के सचिव और राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे ने राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक और रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक की. इस बैठक में जिला प्रशासन की ओर से अपर समाहर्ता राजेश बरवार और नामकुम के अंचलाधिकारी विनोद प्रजापति मौजूद रहे. इधर रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन की ओर से मुसाटोली के प्रभावित परिवारों के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया था.
बैठक में प्रभावित परिवारों के सदस्यों से बातचीत करते हुए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ने आश्वस्त किया कि सरकार आपके बेहतर पुनर्वास के साथ-साथ आपके लिए रोजगार और अन्य समस्याओं के समाधान में भी आपके साथ खड़ी है. प्रभावित परिवारों की मांग पर सूडा निदेशक नें उन्हें बताया कि सरकार शहरी क्षेत्र में जमीन की बंदोबस्ती नहीं कर सकती है. जब प्रभावित परिवारों ने शहर के आसपास भूखंड की मांग की तो सूडा निदेशक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि इनके पुनर्वास के लिए बेहतर और सुरक्षित जगह की पहचान करें. रांची के एसी राजेश बरवार और सीओ नामकुम बिनोद प्रजापति ने कहा कि जिला प्रशासन इस पर काम कर जल्द ही उचित कदम उठायेगा ताकि उनका पुनर्वास हो सके.
रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे
स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार ने कहा कि हमारी कोशिश होगी कि इस बस्ती के युवाओं को स्मार्ट सिटी में चल रही विकास योजनाओं में ही रोजगार का अवसर मिले. उन्होंने सभी परिवारों से कहा कि आप अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें और इसके लिए सरकार हर संभव मदद कर रही है.
बैठक में मौजूद डेवीड आईऩ और सोमा सांगा ने खुशी जताते हुए कहा कि अब हमें नई उम्मीद जगी है कि हमें सरकार सम्मान के साथ पुनर्वास करायेगी और हमें भी अपने ही शहर में रोजगार मिलेगा. इसके लिए दोनों ने मुख्यमंत्री, नगर विकास सचिव और स्मार्ट सिटी सीईओ तथा रांची जिला प्रशासन का आभार जताया.
संतोष तिग्गा और सुनील मिंज ने भी जिला प्रशासन और स्मार्ट सिटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि हम लोग कई दिनों से सहमे हुए थे कि कहीं हम सड़क पर न आ जायें पर आज की बैठक से एक नयी उम्मीद जगी है.
बैठक में रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार, रांची के अपर समाहर्ता राजेश बरवार, नामकुम सीओ बिनोद प्रजापति, स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक राकेश कुमार नंदक्योलियार, एलएनटी के प्रोजेक्ट मैनेजर जेडी त्रिपाठी, स्मार्ट सिटी के पीआरओ अमित कुमार, राजस्व प्रबंधक रवि पांडेय, लीगर एक्सक्यूटिव सतीश कुमार, प्रभास कुमार के साथ-साथ जुडको तथा एलएनटी की ओर से भी कई प्रबंधक मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें – दारोगा पिटाई मामले में बाबूलाल ने कहा- राज्य में पुलिस भी सुरक्षित नहीं



