
Ranchi : भारतीय एथलेटिक्स संघ, नयी दिल्ली द्वारा 17 से 19 सितंबर तक टीटी नगर, भोपाल में आयोजित 17 वीं राष्ट्रीय यूथ नेशनल एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में आशा किरण बारला ने जबर्दस्त खेल दिखाया था. झारखंड भाटिया अकादमी, बोकारो में आशु भाटिया के अधीनस्थ प्रशिक्षणरत गुमला की आशा ने फ़ाइनल में 2:08.45 सेकेंड के साथ यूथ नेशनल एथलेटिक्स का नया मीट रिकार्ड बनाते हुए 800 मीटर बालिका वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था. इसके अलावा पिछले दिनों काली, कोलंबिया में आयोजित विश्व अंडर 20 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भी आशा का सफर सेमीफाइनल तक का रहा था. इसके आधार पर 13 से 16 अक्टूबर तक कुवैत में आयोजित होनेवाली चौथी एशियन यूथ एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए पात्रता हासिल की थी. बेंगलुरु में संपन्न भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर के उपरान्त आज आशा किरण बारला नयी दिल्ली से कुवैत के लिए रवाना हो गयी. खेल कूद व युवा कार्य विभाग की निदेशक सरोजनी लकड़ा, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकान्त पाठक, सचिव सीडी सिंह, आशीष झा, डॉ प्रभात शंकर, साई प्रभारी विनोद कुमार सिंह, कोच योगेश, अरविंद कुमार, शैलेश शर्मा, शशांक भूषण सिंह, प्रभात रंजन तिवारी, राज्य तकनीकी समन्वयक अनवर हुसैन समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं.
इसे भी पढ़ें – पंजाब के जालंधर में होने वाले सीनियर नेशनल जिम्नास्टिक चैंपियनशिप लिए 06 नवंबर को सेलेक्शन ट्रायल



