JamshedpurJharkhand

Jamshedpur : जीवन में आगे बढ़ने के लिए माइंडसेट को पोजिटिव मोड में रखें, समस्या को अवसर बनाने का हुनर जानें : जाजोदिया

Jamshedpur : देश के मशहूर मोटिवेटर अनिल के.जाजोदिया ने कहा कि जीवन में सफल होने के लिए हमें अपने माइंडसेट का रिमोट बदलना होगा. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से सोमवार शाम चैंबर भवन बिष्टुपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जाजोदिया ने कहा कि माइंडसेट को हमेशा पोजिटिव मोड में रखे. निगेटिविटी हमें आगे नहीं बढ़ने देती. उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से परिणाम आसान हो जाता है. सक्सेस मंत्रा की बात करते हुए कहा कि हमें पोजिटिव रहने के साथ ही समस्या को अवसर में बदलने का हुनर होना चाहिए. अगर जिंदगी में कोई समस्या आ रही हैं, तो वह किसी बेहतर होने का संकेत है. जो समस्या से परेशान हो जाते हैं, वे जिंदगी में असफल होते हैं, जो इसे अवसर बना डालते हैं, वे सफल हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि समस्या है तो जीवन है. आप ईश्वर को धन्यवाद दीजिए कि वह आपकी जिंदगी में समस्या ला रहा है. उन्होंने कहा कि हरेक आदमी के जीवन में संघर्ष है. ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जिसे परेशानी न हो, समस्याएं न हों. जीवन है तो संघर्ष हैं.  संघर्ष प्रमाण है कि आप जीवित हैं.  जिसके जीवन में संघर्ष नहीं वह मृतप्राय हैं. जिसने जीवन में जितना संघर्ष किया वो उतना महान हुआ.

बड़ा होने पर दुखी होने का सॉफ्टवेयर डेवलेप कर लेते हैं

जाजोदिया ने कहा कि हम जैसे-जैसे बड़े होते हैं, जिम्मेवार बनते हैं, अपने अंदर दुखी होने का सॉफ्टवेयर डेवलेप कर लेते हैं. उन्होंने कहा कि अंधेरा का कोई अस्तित्व नहीं होता, प्रकाश की अनुपस्थिति ही अंधेरा है. इसी तरह जीवन में खुशी की अनुपस्थिति ही दुख है. अगर हम खुश रहना सीख लें तो फिर दुख नहीं होगा. लेकिन हमने जीवन में दुख बनाने की फैक्ट्री बना रखी है. उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई नहीं है, जिसे परेशानी नहीं हो. हमें चिंता नहीं, चिंतन करना चाहिए.

जो बोओगे, वहीं काटोगे

उन्होंने कहा कि आप जो बोओगे, वही काटोगे. आपका कल, आज पर निर्भर करता है. जीवन में कोई चमत्कार नहीं होता है. आपकी सफलता आपके एक्शन के अनुपाती होती है. आप जैसे काम करेंगे, जीवन में वैसा हासिल करेंगे. ईश्वर ने जो अपना सॉफ्टवेयर बना रखा है, उसमें आप जो करते हैं, वहीं फीड होता है और उसके अनुसार आपका जीवन होता है. आपके एक्शन के अनुसार ही रिजल्ट आता है. ज्यादा पैसा कमाने के लिए ज्यादा उद्यम भी करना होगा.

प्रोफिट को अपने कर्मियों के साथ बांटे

उद्यमियों और व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप अपने स्टॉफ या कर्मचारियों पर बाहरी दबाव नहीं डालें. ऐसा माहौल दें कि उनमें खुद ही बेहतर करने की भूख हो. उन्होंने कहा कि आपकी सफलता आपके सारे शेयरधारकों पर निर्भर करती है. टाटा-बिरला इसलिए उस ऊंचाई तक पहुंच पाए क्योंकि उन्होंने अपने लाभ को अपने कर्मचारियों के साथ शेयर किया. जाजोदिया ने कहा कि जब आप अपनों का ख्याल रखते हैं तो वे आपके लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं और इस प्रार्थना में बहुत ताकत होती है. ईश्वर से अगर आप सीधे मांगते हैं तो वह नहीं सुनता, वह दूसरे के रेफरेंस को ज्यादा महत्व देता है. ऐसे में अगर खुद को अस्तित्व बचाना हो तो आपके साथ जितने लोग जुड़े हैं, उनके कल्याण के लिए भी जरूर सोचें.

रैट रेस में नहीं फंसे, अपनी विशेषता को उभारे

अनिल जाजोदिया ने कहा कि हम भीड़ का हिस्सा बन जाते हैं और उसमें कहीं गुम हो जाते हैं, जबकि हर किसी को ईश्वर ने खास बनाया है. आप अपने अंदर की उस खासियत और विशेषता को तलाशे और फिर आगे बढ़ें. इसके पहले चैंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने स्वागत भाषण और किशोर गोलच्छा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया. मौके पर विधायक सरयू राय समेत चैंबर के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी मौजूद थे.

ये भी दिए सक्सेस मंत्र

1.आप इस भ्रम में नहीं रहिए कि आपकी सफलता अकेले की है.

2.अपने कर्मियों के उद्देश्य को अपने लक्ष्य के साथ लिंक करें

3.प्रोडक्ट नहीं, सोल्यूशन्स बनाइए

4.आपका व्यापार सिस्टम से चलें ना कि व्यक्ति से

5.बिजनेस में सफलता तभी मिलेगी, जब आपके पास रिपीट और रेफरेंस कस्टमर आएंगे. वन टाइम कस्टमर से बिजनेस को नहीं बढ़ाया जा सकता.

इसे भी पढ़ें-जसीडीह में नवनिर्वाचित मुखियाओं के लिए चौथे चरण का प्रशिक्षण सत्र शुरू

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button