
Patna : आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को रांची हाइकोर्ट से बेल मिलने के बाद शुक्रवार को बिहार में राजनीतिक समीकरण पूरी तरह से बदल गया है. इसी का परिणाम है कि राजद की ओर से दी गयी इफ्तार पार्टी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हुए हैं. इसके साथ ही राजनीतिक अटकलों का दौर भी अब शुरू हो गया है. हालांकि इस पार्टी में बीजेपी के कद्दावर नेता शाहनवाज हुसैन भी शामिल हुए हैं. इसके अलावे लोजपा (रामविलास) नेता चिराग पासवान, कांग्रेस के मदन मोहन झा, कांग्रेस के अखिलेश सिंह, वीआइपी पार्टी के प्रतिनिधि अवधेश नारायण सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित कई कद्दावर नेताओं ने इस पार्टी में अपनी उपस्थिति अब तक दर्ज करायी है. गौरतलब है कि वर्ष 2015 में लालू-नीतीश ने मिल कर राज्य में चुनाव लड़ा था और नीतीश के नेतृत्व में सरकार बनी थी. तब तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि बाद में नीतीश कुमार ने पाला बदल लिया था और भाजपा के साथ हो लिये थे. उसके पहले नीतीश कुमार का लालू यादव के साथ दही-चूड़ा खाने की तस्वीर सामने आयी थी. हालांकि लालू से अलग होकर भाजपा से मिलने के बाद नीतीश कुमार का राबड़ी आवास में जाना नहीं हुआ था. कई वर्षों के बाद नीतीश कुमार अब इफ्तार पार्टी के बहाने राबड़ी आवास पहुंचे हैं.
इसे भी पढ़ें – मोतिहारी में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म



