
Jamshedpur : आज विश्व हीमोफीलिया दिवस है. इस मौके पर हीमोफीलिया सोसायटी जमशेदपुर की ओर से कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने शिरकत की. बन्ना गुप्ता ने हीमोफीलिया पीड़ित बच्चों के इलाज को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग को गंभीर बताया.
उन्होंने बताया कि हीमोफीलिया पीड़ित रोगियों को फैक्टर 8 और फैक्टर 9 रक्त की कमी नहीं होने दी जायेगी. राज्य में न सुविधा की कमी है, ना संसाधन की. पर्याप्त मात्रा में ऐसे रोगियों के इलाज के लिए फंड उपलब्ध है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य के चिकित्सक पूरी शिद्दत से रोगियों का इलाज कर रहे हैं. उनके द्वारा जो भी दिशा – निर्देश मिल रहा है सरकार हरसंभव उन्हें संसाधन उपलब्ध करा रही है. उनका प्रयास है कि राज्य के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े.
उन्होंने बताया कि जिले के सिविल सर्जन को फैक्टर 9 और फैक्टर 8 रक्त की व्यवस्था जिले में कैसे हो, इसके लिए क्या करने होंगे, इसका पूरा डाटा उपलब्ध कराने को कहा है. बता दें कि हीमोफीलिया सोसायटी जमशेदपुर हर साल विश्व हिमोफीलिया दिवस के मौके पर सेमिनार आयोजित कर हीमोफीलिया के लक्षण और उपचार की जानकारी उपलब्ध कराती है. साथ ही संस्था हीमोफीलिया पीड़ित मरीजों का बेहतर तरीके से उपचार भी कराती है.




