
Jamshedpur : श्री माता वैष्णो देवी धाम जमशेदपुर के द्वारा एक नये अध्याय की शुरुआत श्री माता वैष्णो देवी मंदिर के रूप में हो रही है. पूर्वी सिंहभूम जिले के वासियों को 21 अप्रैल को आकर्षक मंदिर की भेंट श्री माता वैष्णो देवी धाम के रूप में देने जा रहा है. संस्थान के द्वारा मंदिर परिसर में 16 से 25 अप्रैल तक श्री माता वैष्णो देवी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी के लिए चैम्बर भवन बिष्टुपुर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया. पत्रकारों को संबोधित करते हुए स्वामी हृदयानन्द गिरि ने कार्यक्रम के बारे में विस्तारपूर्वक बताया. उन्होंने कहा कि श्री माता वैष्णो देवी मंदिर का निर्माण 2021 प्रारंभ में किया गया था. मंदिर का निर्माण कुल 14 माह में हुआ. गालूडीह के उल्दा में एनएच-33 के किनारे माता वैष्णो देवी धाम 11 कट्ठा जमीन पर बना है. मंदिर में श्री माता वैष्णो देवी, राम दरबार, राधा कृष्ण, शिव परिवार की मूर्तियां जयपुर के विशिष्ट शिल्पकारों द्वारा वियतनाम के उत्कृष्ट संगमरमर से बनाकर स्थापित किया जा रहा है. धाम में अखंड ज्योति माता ज्वाला देवी हिमाचल प्रदेश से लाई जाएगी.
छह दिवसीय विशेष पूजन अनुष्ठान
कार्यक्रम का शुभारंम्भ 16 अप्रैल से सुबह आठ बजे 1008 कलश यात्रा के साथ होगा, इसमें अभी तक 1500 महिलाओं ने निबंधन कराया है. 17 अप्रैल से 21 अप्रैल तक प्रत्येक दिन सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक सम्पूर्ण प्राण प्रतिष्ठा पूजन मुम्बई के विद्वान ऋत्विजों के द्वारा आचार्य प्रेमनाथ शुक्ल के नेतृत्व में सम्पूर्ण कराया जायेगा. प्राण प्रतिष्ठा पूजन के पश्चात 21 अप्रैल से भक्तों के दर्शन हेतु मन्दिर का लोकार्पण कर जनसाधारण के लिये कर दिया जाएगा.
प्रति दिन शाम चार से रात आठ बजे तक देवी भागवत कथा
16 अप्रैल से 24 अप्रैल नौ दिवसीय श्रीमद्देवी भागवत कथा का आयोजन मंदिर में किया जायेगा. कथा का आयोजन जम्मू से आए कथावाचक स्वामी हृदयानंद गिरी करेंगे. देश विदेश में रह रहे मां भगवती के श्रद्धालुओं के लिए कथा का सीधा प्रसारण संतवाणी चैनल पर किया जायेगा.
25 अप्रैल को भक्तों के लिए महाप्रसाद
25 अप्रैल को सुबह 10 बजे से महाप्रसाद होगा. इसमें करीब 5000 भक्तों के भोजन की व्यवस्था रहेगी. भक्तों के प्रसाद ग्रहण के लिए विशेष प्रसादालय मंडप, महिलाओं एवं बुजर्गों के लिए विशेष पंक्ति की व्यवस्था की जा रही है. मौसम को देखते हुए भक्तों के लिए शीतल जल की व्यवस्था रहेगी.
दिव्य अखंड ज्योति का नगर भ्रमण
15 अप्रैल को सुबह 10 बजे टाटा नगर स्टेशन से सड़क मार्ग से श्री माता वैष्णो वैष्णो देवी धाम में अखंड ज्योति माता ज्वाला देवी हिमाचल प्रदेश से लाई जाएगी.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : शनिचर की रात काल बनी स्कार्पियो ने दो रिक्शा चालकों समेत तीन को रौंदा, स्कूटी-बाइक भिड़ंत में दो घायल




