
Dhanbad: सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से रविवार को धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम में अनूठे विवाह समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें कुल 30 जोड़े एक-दूसरे को वरमाला पहना शादी के बंधन में बंध गए. प्रदूषण से बचाव के लिए टोटो रिक्शा से बरात निकली. बारात सुबह 10 बजे हटिया मोड़ हीरापुर होते हुए रणधीर वर्मा चौक से कला भवन के सामने रास्ते से गोल्फ ग्राउंड ( रणधीर वर्मा स्टेडिमय) स्थित विवाह स्थल पहुंची. 11:30 बजे जयमाला की रस्म हुई. सभी जोड़ें की आरती महिला विंग के सदस्याओं द्वारा उतारी गई. इसके बाद शादी की रस्में शुरू हुई.
इसे भी पढ़ें : अर्बन स्लम में 100 मोहल्ला क्लिनिक खोलेगी सरकार
वर-वधू को आशीर्वाद देने धनबाद सांसद पीएन सिंह पहुंचे. इस दौरान समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने गोल्फ ग्राउंड में स्थाई मंच निर्माण कराने की मांग की. जिस पर सांसद ने कहा कि स्थाई मंच निर्माण के लिए जिला प्रशासन की अनुमति चाहिए. समिति को अनुमति मिलने पर सांसद मद से स्थाई मंच का निर्माण संभव होगा.
सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि विवाह पूरी तरह रस्मो रिवाज के साथ सम्पन्न हुआ. शादी के पूर्व संध्या पर शनिवार को शादी के जोड़े के लिए मेहंदी रस्म व संगीत का कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. जो बहुत ही मनोरंजक रहा. शादी के बंधन में बंधने वाली सभी लड़कियों को मेहंदी लगाई गई और शादी की गीत उपस्थित महिलाओं के द्वारा गाए गए. बता दें कि सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति द्वारा आयोजित विवाह समारोह में 43 सहयोगी संस्थाओं ने योगदान दिया है.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : ऊर्जा कप-2 का शानदार आयोजन, विधायक राज सिन्हा ने किया उद्घाटन




