JamshedpurJharkhand

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट: केंद्रीय मंत्री की पाती ले मुख्यमंत्री से मिले सांसद, मिला सकारात्मक प्रयास का आश्वासन, देखिए कब शुरू होता है काम

Jamshedpur : सांसद विद्युत वरण महतो ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के संबंध में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से प्राप्त पत्र के आलोक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से विधानसभा परिसर स्थित कार्यालय में मुलाकात की. इस मुलाकात में उन्होंने उपरोक्त पत्र के हवाले से एक ज्ञापन मुख्यमंत्री को सुपुर्द करते हुए कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार से वन मंजूरी मिलना बाकी है. इसके कारण इस एयरपोर्ट का निर्माण कार्य बाधित है.

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सांसद को बताया कि वे इसके विकास के लिए भरसक प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य में अन्य हवाई अड्डों का भी विकास हो रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि संभवतः धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर भूमि से संबंधित कुछ समस्या है, जिसे वे देखेंगे. इस पर सांसद विद्युत वरण महतो ने उन्हें स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट में भूमि अधिग्रहण से संबंधित किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है. वहां पर सिर्फ राज्य सरकार के द्वारा वन और पर्यावरण स्वीकृति दिया जाना है. वन मंजूरी मिलने के साथ ही केंद्र सरकार इस संबंध में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ मिलकर इसके विकास के लिए कार्य प्रारंभ कर देगी. मुख्यमंत्री ने सांसद को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मामले पर गंभीरता पूर्वक विचार करेंगे.

उल्लेखनीय है कि सांसद ने गत दिनों केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर इस संबंध में आ रही बाधाओं का निराकरण करने का आग्रह किया था, जिसके आलोक में सिंधिया ने पत्र लिखकर सांसद को अवगत कराया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और झारखंड सरकार के बीच में 2019 में एक ज्वाइंट वेंचर हुआ था. उसी के अनुरूप इसका विकास किया जाना है. इसके लिए राज्य सरकार की वन मंजूरी आवश्यक है. राज्य सरकार के द्वारा वन मंजूरी मिलते ही शेष प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

ये भी पढ़ें – सुपौल: जयसवाल ट्रेडर्स दुकान में शार्ट सर्किट से लगी आग, 70 लाख का सामान जलकर राख

Related Articles

Back to top button