
Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के सिदो-कान्हो मैदान के समीप जमीन विवाद में अखिलेश सिंह गिरोह के कन्हैया सिंह और विजय कुमार उर्फ मोनू के बीच गुरुवार की देर रात हुए विवाद कुल बारह राउंड फायरिंग हुई थी. इसमें दस राउंड फायरिंग विजय कुमार सिंह उर्फ मोनू की ओर से की गई थी, जबकि दो राउंड फायरिंग कन्हैया सिंह की ओर से किया गया था. पुलिस ने इस मामले में कुल तीन पिस्टल और कारतूस के साथ दोनों पक्षों के आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें एक पिस्टल विजय कुमार के घर से और दो पिस्टल कन्हैया सिंह के घर से बरामद किया गया है. इसके अलावा पुलिस ने कन्हैया सिंह की स्कॉर्पियो भी जब्त की है.
इसकी जानकारी सिटी एसपी सुभाषचंद्र जाट ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता में दी. इस मामले में एक पक्ष से कन्हैया सिंह के अलावा ज्योति प्रकाश सिंह, सुनील कुमार पासवान और बंटी सिंह उर्फ पोलू और दूसरे पक्ष से विजय सिंह उर्फ मोनू, सिकंदर, रॉनी और किशन साव को गिरफ्तार किया गया है. एक पक्ष से शीला देवी ने कन्हैया सिंह, अमित कुमार उर्फ राम बाबू, अंकित कुमार शर्मा उर्फ राम बाबू, बंटी सिंह उर्फ पोलु, ज्योति प्रकाश उर्फ गुड्डुन, सोनू सिंह के साथ 6 से 7 अन्य के खिलाफ फायरिंग करने का आरोप लगाया है वहीं दूसरे पक्ष से कन्हैया सिंह ने विजय सिंह उर्फ मोनू सिंह, पिंटू प्रसाद, बंटी प्रसाद, सिकंदर प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद और रौनीत कुमार के खिलाफ फायरिंग करने का आरोप लगाया है. पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे रही है.
यह है मामला
पुलिस के मुताबिक कन्हैया सिंह गैंगस्टर है. वह कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. वही विजय कुमार उर्फ मोनू पूर्व में उसका साथी था. वर्ष 2020 में सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित नीतिबाग कॉलोनी में वर्चस्व को लेकर सुधीर दूबे गिरोह के साथ हुई फायरिंग की घटना में कन्हेैया सिंह के साथ मोनू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वे दोनों करीब एक साल बाद जेल से बाहर आये हैं. उसके बाद कन्हैया सिंह बागबेड़ा में एक जमीन खरीदना चाहता था. इसके लिए उसने एक व्यक्ति से डील भी की थी, लेकिन जमीन महिला के नाम से है.
महिला से हो गया था विवाद

इस कारण वह चाहता था कि महिला यह लिखकर दे दे कि जमीन पर उनका कोई हक नहीं है. इसे लेकर गुरुवार की रात करीब पौने ग्यारह बजे कन्हैया सिंह स्कॉर्पियो से अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंचा. वहां उसका महिला से विवाद हो गया. तभी उसके दामाद विजय कुमार सिंह उर्फ मोनू ने विवाद बढ़ने पर मामले में हस्तक्षेप किया. इससे कन्हैया सिंह और उसके साथी भी भड़क गए. उसी दौरान दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया. उसके बाद मामले का खुलासा किया गया है.
यह भी पढ़ें-Valentine Week में मनचाहा प्यार पाने की खातिर नहीं करें ये गलती, पछताने के सिवा कुछ नहीं लगेगा हाथ




