
Chaibasa : पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने चाईबासा शहरी जलापूर्ति योजना में अनियमितता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी और कनीय अभियंता को आगामी 15 मई तक योजना को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया है. बुधवार को चाईबासा सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने चेतावनी दी कि समय सीमा के अंदर काम पूरा नहीं हुआ, तो सभी जिम्मेदार अफसरों पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी. मंत्री ने सभी कनीय अभियंताओं को हर दिन जाकर संचालित योजनाओं का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया है.
चाईबासा प्रमंडल में योजनाओं की कार्यप्रगति संतोषप्रद
बैठक में विभाग के चाईबासा, चक्रधरपुर एवं सरायकेला के कार्यपालक अभियंता के साथ सभी सहायक और कनीय अभियंता उपस्थित थे. बैठक के बाद मंत्री ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष की समाप्ति के मद्देनजर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. उन्होंने बताया कि चाईबासा प्रमंडल में लगभग सभी योजनाओं में कार्य की प्रगति संतोषप्रद है. जिन योजनाओं में कार्य की गति धीमी है अथवा उसमें किसी प्रकार की कमी पायी गयी है, उनमें संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गयी है कि दी गयी समय सीमा में कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करें, वरना उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – केबुल टाउन फायरिंग : बिजनेस के लिए 50 हजार देने से इंकार करने पर जान लेने पर उतारू हुआ दोस्त




