
Jamshedpur : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब कंपनी गेट के समीप जेंट्स पार्लर चलाने वाली कोमल कौर का शव सोमवार को पार्लर से ही पाया गया. कोमल कौर बारीडीह की रहने वाली थी. वह पार्लर में बतौर सह संचालक काम भी करती थी. शव जिस अवस्था में था उससे स्पष्ट हो रहा है कि महिला की हत्या की गई है. इसका खुलासा तब हुआ जब किसी ने सुबह पार्लर का दरवाजा खोला. दरवाजा एक झटके में खुल गया, लेकिन पार्लर का दरवाजा खोलने वाले के होश तब उड़ गए जब उसने भीतर एक महिला का शव पड़ा हुआ देखा. इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
शरीर पर हैं जख्म के निशान
इससे देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. तबतक मौके पर बर्मामाइंस पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. मृतका के चेहरे पर चोट के निशान होने के अलावा उसके गले पर जख्म के निशान भी देखे गए हैं. इसको लेकर महिला की हत्या की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि मामले की जांच के बाद ही पुलिस घटना के संबंध में पुख्ता तौर पर कुछ कहने की बात कह रही है.
इसे भी पढ़ें- आधी रात से शुरू होगा माओवादियों का स्थापना दिवस, नक्सलियों ने पोस्टर साटे, पुलिस भी मुस्तैद
पार्लर के बगल में ही है शराब की दुकान
जिस पार्लर में कोमल कौर का शव मिला है उसके बगल में ही शराब की दुकान भी है. जहां देर शाम तक शराबियों का जमावड़ा लगता है. वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि रात को पार्लर का दरवाजा लॉक नहीं किया गया था. कांच का दरवाजा होने के कारण बाहर से भीतर कुछ नहीं दिख रहा था. फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर पुलिस की जांच का विषय बना हुआ है. जांच के बाद ही घटना के खुलासे की उम्मीद जतायी जा रही है.
क्या कह रही है पुलिस
घटना के बारे में बर्मामाइंस थानेदार राजू का कहना है कि पार्लर के भीतर से ही संचालक का शव बरामद किया गया है. शव को देखकर प्रथम दृष्टया लग रहा है कि महिला की हत्या की गई है. घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की गई. जांच के बाद ही मामले का उद्भेदन हो सकेगा.




