
GARHWA : जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र के नौका निवासी पाला मांझी (45 वर्ष) की पुलिस हिरासत में रहस्यमयी मौत हो गयी. परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार पाला मांझी को रविवार की सुबह 8.30 बजे भंडरिया थाना के एसआई विपिन कुमार वर्मा एवं चौकीदार जोगेंद्र पासवान थाना में बुलाए जाने की सूचना देकर घर से ले गए थे. इससे पहले कि घरवाले कुछ समझते, पुलिस कर्मियों ने 11 बजे दिन में ही उसके शव को लाकर घर में रख दिया. जिससे परिजनों में हाहाकार मच गयी.
इसे भी पढ़ेंः मोदी सरकार के सात सालः कांग्रेस-राजद ने कहा- हर मोर्चे पर सरकार फेल
परिजनों ने बताया कि पाला मांझी सीधे-साधे व्यक्ति थे. मजदूरी करके जीवन यापन करते थे. वे सुबह ही जंगल से वापस लौटे थे और बिल्कुल स्वस्थ थे. दूसरी ओर एसआई श्रवण कुमार का कहना है कि एक पुराने केस में पूछताछ के लिए उसको थाना ले जाया गया था. रास्ते में ही उनकी तबीयत खराब हो गयी थी. तब उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरिया ले जाया गया. जहां से बिल्कुल स्वस्थ स्थिति में उसको घर ले जाकर पहुंचा दिया गया था. घर में बिल्कुल स्वस्थ था. बाद में उसकी मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा.
इसे भी पढ़ेंः डिलीवरी के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं का होगा रैपिड एंटीजन टेस्ट
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विजय किशोर रजक ने बताया कि उसके पास मरीज को बेहोशी की हालत में लाया गया था. जितना संभव हुआ. उन्होंने इलाज किया, फिर उसे रेफर कर दिया गया था.
उसके बाद क्या हुआ उन्हें नहीं मालूम. चिकित्सक उसे मिर्गी का दौरा होने के कारण मौत का अंदेशा भी लगा रहे हैं. हालांकि परिजनों एवं आसपास के लोगों का कहना है कि पाला मांझी को पूर्व में कभी भी मिर्गी का दौरा नहीं पड़ा था. साथ ही वह बिल्कुल स्वस्थ थे और स्वस्थ स्थिति में ही थाना गए थे, पर पुलिसकर्मियों ने यहां पर लाश पहुंचाया.
मृतक की पुत्री सरिता कुमारी ने बताया कि पिता जी बिल्कुल स्वस्थ थे. सुबह 8 बजे पुलिसवाले पूछताछ करने की बात कह कर ले गए थे और 10 बजे लाकर लाश पहुंचा दिया. इस दौरान कैसे उनकी मौत हुई पता नहीं. उनकी हालत गंभीर है. ऐसी सूचना भाइयों को मिली थी, लेकिन घर में लाश ही आया है.
इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी ने कहा कि पूछताछ के लिए युवक को ले जाया गया था. कुछ ही देर के बाद युवक का शव घर में पहुंचाना कई प्रकार का संदेह प्रकट करता है. पोस्टमार्टम के पश्चात ही इस रहस्य से पर्दा उठेगा कि युवक की मौत कैसे हुई? पुलिस प्रशासन के कब्जे में रहने के पश्चात युवक की मौत होना उनकी कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह उठाता है.
इस मामले में पुलिस प्रशासन के साथ ही चिकित्सक के द्वारा भी भारी लापरवाही बरती गयी है. भाजपा गढ़वा पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन, उपायुक्त एवं झारखंड सरकार से निष्पक्ष जांच करते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग करती है. अन्यथा स्थानीय ग्रामीण मृतक के परिजन एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे. मृतक को न्याय दिलाने के लिए हम किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं. सरकार से उचित मुआवजा एवं परिवार में एक सदस्य को नौकरी देने की भी मांग की.
घटना की सूचना मिलने के बाद भंडरिया के बीडीओ विपिन कुमार भारती भी मृतक के घर पहुंचे. उन्होंने कहा कि मौत कैसे हुई यह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा. बीडीओ ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ेंः CBSE Class 12 Board Exam : परीक्षा होगी या नहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दिया बड़ा संकेत




