Bihar

बिहार: #LockDown उल्लंघन करने पर 250 ऑटो रिक्शा, कार, दोपहिया वाहन जब्त

Patna: बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण रोकथाम के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है. लेकिन लॉकडाउन के पहले ही दिन सोमवार को राजधानी पटना सहित प्रदेश के विभिन्न भागों में आदेश का उल्लंघन करते हुए लोगों को पाया गया.

लोग आम दिनों की तरह सड़क पर नजर आये. वहीं उल्लंघन करने पर कुल 250 ऑटो रिक्शा, कार और दोपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गयी. उनसे जुर्माना वसूला गया और उनके वाहनों को जब्त किया गया. परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने उक्त कार्रवाई की जानकारी दी. 

इसे भी पढ़ें- #Covid19 के खिलाफ भारत के प्रयास को WHO ने सराहा, कहा- आपकी कोशिशों पर निर्भर करेगा #Corona का भविष्य

परिवहन पदाधिकारी ने दिये कई निर्देश

परिवहन सचिव ने इसके बाद सभी जिलों के परिवहन पदाधिकारी, पटना के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ समीक्षा बैठक की.

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के प्रावधानों के अनुपालन के लिए सभी जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं सभी जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वह अपने अपने क्षेत्र में इसका अनुपालन सुनिश्चित करवाएं.

अग्रवाल ने सभी बस स्टैंड पर निगरानी रखने निर्देश दिया ताकि वहां से अवैध रूप से बसों का परिचालन ना हो. जो बस मालिक प्रावधानों का उल्लंघन करें उनकी बसों को जब्त करने एवं उनके परमिट रद्द करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

इसे भी पढ़ें- #Corona के खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने #ShaheenBaghEmpty कराया, उखाड़े टेंट

लॉकडाउन का अनुपालन करने की अपील

परिवहन सचिव ने लोगों से अपील की है कि किसी प्रकार के सार्वजनिक परिवहन का उपयोग ना करें और राज्य सरकार द्वारा निर्गत लॉकडाउन के प्रावधानों का अनुपालन करें. सड़क पर अनावश्यक वाहन लेकर निकले तो जुर्माना लगाया जाएगा और वाहन भी जब्त किया जाएगा. 

गौरतलब है कि बीते दिनों बिहार में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस मिले हैं. यहां दो लोगों की इस वायरस से मौत हो गयी थी. जिसके बाद 22 मार्च की शाम बिहार में लॉकडाउन लागू किया गया था.

इसे भी पढ़ें- #CoronaVirus: भारत में 500 पॉजिटिव केस, 10 की मौत, 44 हुए ठीक

राशन कार्डधारियों को एक हाजार रुपये

लॉकडाउन क्षेत्र के सभी नगर निकाय क्षेत्रों एवं प्रखंड मुख्यालय की पंचायत में अवस्थित सभी राशन कार्डधारी परिवारों को एक हजार रुपये प्रति परिवार दिया जायेगा. यह राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में अंतरित की जायेगी.

नीतीश ने कहा कि पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी छात्र/छात्राओं को देय छात्रवृति आगामी 31 मार्च तक उनके खाते में दे दी जायेगी. उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को एक माह के मूल वेतन के समतुल्य प्रोत्साहन राशि दी जायेगी.

मुख्यमंत्री ने लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि लॉकडाउन के संबंध में राज्य सरकार द्वारा जारी की गयी सलाह का अनुपालन करें. आपके सहयोग से ही इस महामारी से निपटने में सफलता मिलेगी. समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा तथा मुख्य सचिव दीपक कुमार सहित वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button