
Mumbai: देश में कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार इसके नंबर में इजाफा हो रहा है. इससे संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही है. अबतक इस वायरस से 10 लोगों की मौत हो गयी है जबकि 44 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं.
कोरोना वायरस से महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित है. यहां मंगलवार को संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 101 हो गयी है. वहीं पूरे देश में इसके कुल 511 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं.
इसे भी पढ़ें- #Covid19 के खिलाफ भारत के प्रयास को WHO ने सराहा, कहा- आपकी कोशिशों पर निर्भर करेगा #Corona का भविष्य
हर घंटे-हर दिन बढ़ रहा आंकड़ा
देश में कोरोना वायरस केस के आंकड़े तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं. हर घंटे मरीजों की संख्या बढ़ रही है. हर दिन इससे संक्रमित लोगों के आंकड़ों में इजाफा देखा जा रहा है. कोरोना वायरस का पहला केस भारत में 30 जनवरी 2020 को मिला था.
जिसके बाद पहले केस से 100 तक का आंकड़ा पहुंचने में इसे 45 दिन लगे थे. लेकिन अब यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है. औसतन हर पांच दिन में कोरोना के केस भारत में दोगुने हो रहे हैं.
पिछले कुछ दिनों में संक्रमण के मामले अचानक बढ़ने के बाद अधिकारियों ने लगभग पूरे देश में लॉकडाउन (बंद) लागू कर दिया है. जिसके तहत लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध हैं और सड़क, रेल और हवाई यातायात पर 31 मार्च तक रोक लगा दी गयी है.
इसे भी पढ़ें- बिहार: #LockDown उल्लंघन करने पर 250 ऑटो रिक्शा, कार, दोपहिया वाहन जब्त
लॉकडाउन को लेकर पीएम का निर्देश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी राज्य सरकारों से कहा है कि सुनिश्चित करें कि कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के नियम पूरी तरह लागू किए जाये. उन्होंने कहा कि कई लोग इन उपायों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं.
उन्होंने ट्वीट किया कि कई लोग अब भी लॉकडाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं. कृपया खुद को, अपने परिवार को बचाएं और निर्देशों का गंभीरता से पालन करें. मैं राज्य सरकारों से आग्रह करता हूं कि सुनिश्चित करें कि नियम-कानूनों का पालन हो.




