
Ranchi : जस्टिस एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि के मौके पर शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम रघुवर दास ने स्पष्ट कहा कि मोमेंटम झारखंड में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई है. रघुवर दास ने कहा कि पूरा मोमेंटम झारखंड कार्यक्रम पारदर्शी ढंग से हुआ. शिकायत कोई भी किसी की कर सकता है.
गुरुवार को मोमेंटम झारखंड में घोटाले का आरोप लगाते हुए एसीबी में शिकायत दर्ज कराई गयी है. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, सरकार के तत्कालीन प्रधान सचिव संजय कुमार, उद्योग निदेशक के रविकुमार, सीआईआई के राहुल सिंह और तत्कालीन ओएसडी सुनील कुमार वर्णवाल का नाम शामिल है. रघुवर दास ने कहा कि अब सरकार उनकी है, जांच करा लें. यह आयोजन पारदर्शी ढंग से हुआ है. सांच को आंच क्या.
इसे भी पढ़ें : लातेहार वृद्धा पेंशन मामला: डीसी ने दी हेमंत सोरेन को गलत जानकारी, अब कह रहे बैंक की देरी से नहीं मिला पेंशन
मोमेंटम झारखंड से राज्य का नाम विश्वपटल पर ऊंचा हुआ: रघुवर दास

रघुवर दास ने कहा है कि कई कंपनियों ने झारखंड में निवेश किया है, इससे बड़ी संख्या में झारखंड के बच्चे-बच्चियों को रोजगार मिला है. मोमेंटम झारखंड से राज्य का नाम विश्वपटल पर ऊंचा हुआ है. इसके माध्यम से देश-दुनिया के निवेशकों ने यह जाना कि झारखंड निवेश के लिए कितना अनुकूल है. यहां सरकार, संसाधन और आधारभूत संरचना की स्थिति कितनी अच्छी है.
बता दें कि इधर झारखंड के पूर्व न्यायाधीश व झारखंड आंदोलनकारी रहे एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में जस्टिस शाहदेव का योगदान भुलाया नहीं जा सकता है. उन्होंने हमेशा झारखंड और झारखंडवासियों की भलाई के लिए ही काम किया.
इसे भी पढ़ें : 13 दिन बाद भी नहीं बना हेमंत सोरेन का पूरा मंत्रिमंडल, विभागों के बंटवारे में अड़चन




