
Kolkata: कोलकाता समेत राज्य भर में नये साल के दूसरे दिन तापमान में थोड़ी सी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है. हालांकि शाम के समय बारिश की संभावना है.
गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है. बताया गया है कि कोलकाता समेत राज्य भर में सुबह में आसमान साफ रहा, लेकिन धीरे-धीरे बादल छा गये. शाम को बारिश हो सकती है क्योंकि समुद्र तट पर निम्न दाब और चक्रवात दोनों बना है.
इसे भी पढ़ें – कंबल घोटालाः जांच की चिट्ठी को रघुवर दास के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल ने दबाए रखा
रविवार तक हो सकती है बारिश
यह बारिश रुक-रुक कर रविवार तक होती रहेगी. हालांकि तापमान रविवार तक बढ़ा हुआ ही रहेगा लेकिन मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही बारिश थमेगी, उसके बाद एक बार फिर तापमान के गिरने का सिलसिला शुरू हो जायेगा.
शुक्रवार और शनिवार को सिक्किम और दार्जिलिंग में बर्फबारी हो सकती है. गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कलिंगपोंग में सबसे कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है. यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पर है जो सामान्य से 10 डिग्री कम है.
इसे भी पढ़ें – #WestBengal: भाटपाड़ा नगरपालिका पर तृणमूल का कब्जा, हाईकोर्ट जायेगी भाजपा



